बदायूं से बिशारतंगज के लिए बुकिंग पर ले गए बोलेरो गाड़ी को बदमाशों ने आंवला में लूट लिया। वे ड्राइवर के हाथ-पैर बांधकर सड़क किनारे फेंक गए। ग्रामीणों ने ड्राइवर को बंधन मुक्त कराया और बदायूं निवासी वाहन मालिक को सूचना दी। इस मामले में अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
घटना शनिवार शाम की है। बोलेरो संख्या यूपी 24 एच 2488 के मालिक अनुज ने बताया कि दो लड़कों ने बिशारतगंज के जैतपुर गांव के लिए गाड़ी बुक की थी। उन्होंने ड्राइवर खेमकरन को उन्हें छोड़ने के लिए भेजा। बदायूं से गाड़ी में तीन लोग सवार हुए। एक रास्ते में उतर गया। आंवला-पुरैना तिराहे पर दोनों ने गाड़ी रुकवाई और चाचा और उनके साथी का हवाला देकर उन्हें भी गाड़ी में बैठा लिया गया। खेमकरन के अनुसार आधा किमी आगे जाने पर पीछे बैठे लोगों ने तमंचा दिखाकर गाड़ी धीमी करने को कहा और उसे काबू में ले लिया। उसके हाथ-पैर बांधकर पीछे साइड में डाल लिया। विरोध करने पर तमंचों की बटों से उसे पीटा और 1200 रुपये, मोबाइल, परिचय पत्र, ड्राइविंग लाइसेंस के अलावा गाड़ी के कागज भी निकाल लिए। शाम करीब सात बजे निसोई पहुंचने पर खेमकरन को गाड़ी से धक्का दे दिया। एसओ बिशारतगंज संजय सिंह ने बताया कि चार बदमाशों के खिलाफ लूट का मुकदमा दर्ज किया गया है। बदमाशों को पकड़ने के लिए टीम बनाई गई है।
सीसीटीवी में कैद हो सकते हैं लुटेरे
अनुज ने बताया कि बदायूं से चलने से पहले उन्होंने पेट्रोल पंप से डीजल भरवाया था। इस दौरान एक बदमाश पानी लेने के उतरा था। उन्होंने उम्मीद जताई कि उसका फोटो पंप के सीसीटीवी में कैद हो सकता है। पुलिस कैमरे की फुटेज भी निकाल रही है। अनुज ने एक बदमाश का मोबाइल नंबर भी पुलिस को दिया है।