कांवड़ यात्रा के दौरान डीजे साउंड सिस्टम पर प्रतिबंध के चलते पुलिस ने बुधवार रात डीजे संचालकों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया। आठ लोगों के प्रतिष्ठान पर छापा मारकर पुलिस ने उनका सामान जब्त कर लिया।
पुलिस और प्रशासन ने इस बार कांवड़ यात्रा के दौरान कछला से लेकर शिवालयों तक डीजे साउंड सिस्टम नहीं बजाने का फरमान सुनाया था। इसके तहत पुलिस ने बुधवार को कछला रोड बाजार समेत उन सभी स्थानों पर छापा मार कार्रवाई जहां डीजे किराए पर उठाए जाते हैं। पुलिस ने आठ लोगों के प्रतिष्ठान से डीजे साउंड सिस्टम से जुड़ा सामान और एंपलीफायर कब्जे में ले लिए। संचालकों ने पुलिस को हालांकि भरोसा दिलाया कि वह डीजे शिवभक्तों की टोलियों को किराए पर नहीं उठाएंगे, लेकिन उनकी गुहार पर गौर नहीं किया गया। डीजे संचालक दूसरे दिन भी कोतवाली के चक्कर काटते रहे लेकिन पुलिस ने सामान लौटाने से इंकार कर दिया। संचालकों नियाज और हाशिम ने बताया कि पिछले साल भी पुलिस ने उन्हें हिदायत दी थी, लेकिन उस वक्त सामान जब्त नहीं किया गया था। इधर, कोतवाल, गोपीचंद्र यादव ने बताया कि डीजे संचालकों को अगर शादी समारोह और अन्य कार्यक्रमों की बुकिंग मिलती है, तो सामान लौटा दिया जाएगा लेकिन कांवड़ यात्रा में डीजे बजाने को सामान देने वालों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।