कछला से जल भरकर डीजे साउंड सिस्टम के साथ निकली बदायूं के कांवड़ियों की टोली की आवाज धीमी करने की बात को लेकर पुलिस कर्मी से नोकझोंक हो गई। पुलिस कर्मी ने हालांकि उन्हें रोकने का प्रयास नहीं किया, लेकिन नोकझोंक पर कांवड़िए नाराजगी का इजहार करने लगे। इसे लेकर कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
बदायूं से हिंदूवादी नेता मुकेश पटेल, पीसी शर्मा और सीमा चौहान की अगुवाई में कांवड़ियों का जत्था रविवार पूर्वाह्न में कछला गंगाघाट पर पहुंचा। जत्थे के साथ डीजे साउंड सिस्टम भी था। लौटते में छतुइया फाटक से कसबे की ओर बढ़ते ही एक पुलिस कर्मी ने साउंड धीमी करने की हिदायत दी, तो कांवड़िए विफर पड़े। कांवड़ियों और पुलिस कर्मी के बीच नोकझोंक भी हो गई। पुलिस कर्मी ने उन्हें रोकने का भी प्रयास नहीं किया।
इसी दौरान कुछेक कांवड़ियों ने अपने साथियों को फोन कर दिया। साथियों की संख्या में इजाफा होते ही कांवड़ियों की टोली बम-बम भोले और जय श्रीराम के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ गई। बाजार में कांवड़ियों को दुकानदारों ने भी स्वागत किया। बाजार में भी कांवड़ियों को रोके जाने की अफवाह रही।
बम-बम भोले से गूंजा कछला गंगाघाट
पहला सोमवार आज, कांवड़ भरकर किया पूजन
उझानी (बदायूं)। सावन महीना के पहले सोमवार को शिव मंदिरों में जलाभिषेक करने के लिए कछला पहुंचे कांवड़ियों कछला गंगाघाट बम-बम भोले से गूंज उठा।
कांवड़ भरने के लिए गंगाघाट पर रविवार को पूरे दिन शिवभक्तों का रेला नजर आया। सुबह से शिवभक्त कांवड़ भरकर निकल पड़े। जल भरने के बाद शिवभक्तों ने कांवड़ का पूजन किया। शाम तक कांवड़ भरने का दौर चला। जल भरकर निकले कांवड़ियों में सर्वाधिक संख्या बदायूं और आसपास इलाके के कांवड़ियों की रही।
हाईवे पर भी बम-बम भोले की गूंज सुनाई दी। शिवभक्तों के साथ अपना साउंड सिस्टम था। भोले बाबा के भजनों की धुन पर भक्ति से सराबोर कांवड़ियों ने नृत्य भी किया। बता दें कि सावन महीना का पहला सोमवार आज है। प्रत्येक सोमवार को शिवालयों में जलाभिषेक करने का संकल्प लेने वाले कांवड़िए एक दिन पहले ही कछला गंगाघाट से कांवड़ भरेंगे।
कछला पुल रहेगा पथप्रकाश से जगमग
उझानी। पिछले दिनों कमिश्नर प्रभांशु कुमार और डीआईजी आरकेएस राठौर कांवड़ियों के अनुरूप व्यवस्थाओं का जायजा लेने पहुंचे, तो नगर पंचायत अध्यक्ष पुष्पा देवी लौनिया चौहान ने उनके सामने कछला पुल पर अंधेरा रहने की शिकायत की। पुल पर हालांकि पोल और लाइटें लगी हैं, लेकिन उनसे लाइन नहीं जोड़ी गई है। कमिश्नर ने उसी दौरान अधीनस्थों को पुल पर पथ प्रकाश व्यवस्था दुरूस्त कराने का निर्देश दिया था। रविवार को बदायूं से पहुंचे विभागीय कर्मियों ने केबल डालने और लाइटों का कनेक्शन करने का काम शुरू कर दिया। एक-दो दिन में कछला पुल जगमग हो उठेगा। इधर, एसडीओ सीबी लाल ने बताया कि लाइट व्यवस्था शुरू कराने की जिम्मेदारी जिला पंचायत को सौंपी गई है।