फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के गांव जगत पीपरी में बदमाशों ने एक घर पर धाबा बोलकर तीस हजार रुपये की नकदी समेत हजारों रुपये के जेवर लूट लिए। विरोध करने पर बदमाशों ने एक व्यक्ति को गोली मारकर घायल कर दिया। जाग होने पर बदमाश फायरिंग करते हुए फरार हो गए। घायल को गंभीर हालत में इलाज के लिए बरेली रेफर किया गया है। मामले में अब तक रिपोर्ट दर्ज नहीं हो सकी है।
सोमवार रात सशस्त्र बदमाशों ने जगत पीपरी में लाखन सिंह के घर पर धाबा बोल दिया। बदमाश घर में घुसे तो लाखन सिंह जाग गए। तीन बदमाशों ने इनको अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद बदमाशों ने घर में रखी तीस हजार रुपये की नकदी, सोने की चेन, कुंडल, चांदी की खडुआ लूट लिए। इसी दौरान लाखन सिंह ने शोर मचाया तो अंदर कमरे में सो रहे इनके बेटे रामू जाग गए। रामू जैसे ही बाहर निकले एक बदमाश ने गोली चला दी। एक गोली रामू के हाथ में लगी। फायर होने पर पूरे गांव में जाग हो गई। इसके बाद बदमाश फायरिंग करते हुए भाग गए। रामू को गंभीर हालत में इलाज के लिए बरेली रेफर किया गया है। घटना की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी गई है। घटना के बाद गांव के लोगों में दहशत है।