फैजगंज बेहटा क्षेत्र के दो गांवों में मंगलवार रात 18-20 शस्त्रधारी बदमाशों ने जमकर उत्पात मचाया। बदमाश परमानंदपुर में एक ग्रामीण को गोली मारकर उसकी तीन भैंस लूटकर ले गए। वहीं ग्राम सिसरका में घुसे बदमाशों ने पांच घरों में घुसकर लूटपाट की। ग्रामीणों के विरोध करने पर मारपीट की। दंपति और उनकी बेटी समेत छह लोगों को गोली मार कर घायल कर दिया। घटना के बाद से गांव में दहशत है। सूचना मिलने पर एसएसपी अशोक कुमार और एसपीआरए डॉ. एसपी सिंह ने मौका मुआयना किया। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दहशत को देखते हुए गांव में पुलिस-पीएसी तैनात कर दी गई है।
परमानंदपुर गांव, फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र में मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे पर स्थित है। मंगलवार रात करीब 12 बजे परमानंदपुर में घुसे बदमाश उदयवीर की तीन भैंस खोलकर ले जाने लगे। आहट सुनकर घर के बाहर सो रहे उदयवीर की आंख खुल गई। उसके विरोध करने पर एक बदमाश ने उसे गोली मार दी, जिससे वह घायल हो गया। वहीं पड़ोस में उसके भतीजे राजवीर की भैंस बंधी थी, जिसे बदमाश खोलकर ले गए। फायर की आवाज सुनकर जागे गांव वाले अपने घरों की छतों पर जाकर शोर मचाने लगे। इससे बदमाश फायरिंग करते हुए जंगल की ओर चले गए। ग्रामीणों ने इस घटना की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम के 100 नंबर और हल्का इंचार्ज को दी, लेकिन पुलिस मौके पर नहीं पहुंची।
उसी रात करीब डेढ़ बजे बदमाशों ने ढाई किलोमीटर दूर ग्राम सिसरका में धावा बोला। यहां सबसे पहले सहदेव की भैंस खोलकर ले जाने लगे। वहीं घर में सो रहे सहदेव व उनकी पत्नी प्रेमवती ने जागने पर शोर मचा दिया। इस पर बदमाशों ने फायर झोंक दिया। गोली लगने से सहदेव और उनकी पत्नी प्रेमवती घायल हो गए। इसी बीच बदमाश पड़ोसी नत्थू सिंह के घर में घुस गए। विरोध करने पर बदमाशों ने नत्थू सिंह के गोली मार दी और घर में रखे दस हजार रुपये, मोबाइल व जेवर लूट लिए। इसके बाद बदमाश बबलू के घर में घुस गए और लूटपाट शुरू कर दी। विरोध करने पर बबलू, उसकी पत्नी मिथलेश और 18 साल की बेटी बेटी कविता गोली मार दी। इसके बाद बदमाश वहीं शिशुपाल के घर में घुसे। उसके घर से आठ हजार रुपये नकद, पाजेब, सोने के कुंडल आदि लूट लिए। ओमवीर के घर में घुसे बदमाशों ने उसकी पत्नी नीतू सिंह से कुंडल, पाजेब, सोने का पैंडल और छह हजार रुपये लूट लिए। विरोध करने पर मारपीट की। करीब डेढ़ घंटे लूटपाट के बाद बदमाश जमकर फायरिंग करते हुए चले गए। ग्रामीणों के मुताबिक कई बार फोन करने पर बदमाशों के जाने के एक घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया। बुधवार सुबह सिसरका गांव पहुंचे एसएसपी अशोक कुमार, एसपीआरए ने पुलिस के साथ क्षेत्र में कांबिंग की थी, लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं लगा। पुलिस ने दोनों गांवों में हुई घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।