गोवंशीय पशुओं से भरा कंटेनर पलटा, 14 पशु मरे
गोवंशीय पशुओं से भरा कंटेनर गुरुवार सुबह दातागंज कोतवाली क्षेत्र में बराही मोड़ के पास पलट गया। इससे कंटेनर में भरे 14 गोवंशीय पशुओं की मौत हो गई और कई पशु जंगल की ओर भाग गए। मौका पाकर तस्कर भी फरार हो गए। मरे हुए पशुओं को पुलिस ने दफन करा दिया है। अज्ञात पशु तस्करों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
दातागंज कोतवाली क्षेत्र से लंबे समय से गोवंशीय पशुओं की तस्करी हो रही है। तस्कर पशुओं को दातागंज से बरेली होते हुए हत्या के लिए रामपुर ले जाते हैं। गोवंशीय पशुओं से भरा एक कंटेनर गुरुवार सुबह करीब छह बजे बराही मोड़ के पास कोहरे की वजह से पलट गया। गांव वालों की भीड़ मौके पर जमा होने लगी। इसी दौरान इसमें सवार तस्कर भाग गए। कंटेनर में घूमंतु गोवंशीय पशु भरे हुए थे। ट्रक पलटने से कंटेनर का दरवाजा खुल गया। इसी दौरान इसमें भरे हुए कई पशु निकल कर भाग गए। कंटेनर से 14 मरे हुए पशु बरामद हुए हैं।
चार दिन पहले भी पुलिस ने गोवंशीय पशुओं से भरे तीन कंटेनर पकड़े थे। पुलिस गिरफ्त में आए रेहान नाम तस्कर ने पूछताछ में बताया था कि पशुओं को इटावा से रामपुर ले जाया जा रहा था। दातागंज के बेलाडांडी और उसहैत के अटैना पुलों के रास्ते पशुओं की तस्करी किसी से छिपी नहीं है। पशुओं को उसावां से दातागंज और बरेली होते हुए रामपुर ले जाया जाता है।
कछला पुल पर कंटेनर से बरामद हुए 70 पशु
कछला (ब्यूरो)। कासगंज के थाना सोरों की पुलिस ने कछला पुल पर गोवंशीय पशुओं से भरा कंटेनर बदायूं जिले की सीमा में घुसने से पहले ही पकड़ लिया। तलाशी लेने पर कंटेनर ने 70 गोवंशीय पशु बरामद हुए। कासगंज के थाना सोरों की कछला पुलिस चौकी पर गुरुवार सुबह पुलिस वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान कासगंज की ओर से कंटेनर आया। पुल के पास बैरियर लगा देखकर तस्कर कंटेनर को छोड़कर भाग गए। तलाशी लेने पर इसमें 70 गोवंशीय पशु मिले। 33 पशु बेहोशी की हालत में थे।