दोनों के परिवार वालों ने दर्ज कराई गुमशुदगी, अनहोनी की आशंका
फैजगंज बेहटा थाने के गांव कोरेरा में मंगलवार को नौ साल का बालक लापता हो गया। वहीं बिनावर थाने के गांव बरखेड़ा गौंटिया से एक दूधिया लापता हो गया। दोनों मामलों में गुमशुदगी दर्ज कराई गई है। दूधिया के परिवार वाले उसके अपहरण की आशंका जता रहे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
फैजगंज बेहटा थाने के गांव कोरेरा निवासी राजपाल का नौ वर्षीय बेटा श्यामबाबू मंगलवार को खाना खाने के बाद दिन में करीब 11 बजे खेलने के लिए घर से निकला था। इसके बाद वह घर नहीं लौटा। काफी तलाश करने पर भी कोई सुराग नहीं लगा तो राजपाल ने गुमशुदगी दर्ज कराने को थाने में तहरीर दी। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर ली है। घरवालों को अनहोनी की आशंका सता रही है। इधर, मूसाझाग थाना क्षेत्र के गांव बरखेड़ा गौंटिया निवासी रक्षपाल का 18 वर्षीय पुत्र दुर्विजय दूध बेचने का काम करता था। मंगलवार को वह डेयरी पर दूध देकर लौट रहा था, तभी रास्ते से लापता हो गया। उसकी साइकिल मोबाइल टॉवर के पास लावारिस हालत में पड़ी मिली। परिवार वालों ने काफी तलाश की पर उसका कोई सुराग न मिलने पर उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई है। दुर्विजय के परिवार वाले उसके अपहरण की आशंका जता रहे हैं। हालांकि उनके पास फिरौती के संबंध में कोई सूचना नहीं आई है। उन्होंने किसी से रंजिश होने से भी इंकार किया है। पुलिस इस मामले में सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।