बरेली मथुरा हाईवे पर मंगलवार को सड़क हादसे में गई थी पांच लोगों की जान
बरेली-मथुरा हाईवे पर टैंकर और जायलो कार की टक्कर में जान गंवाने वाले पांच लोगों में बुधवार को एक की गमगीन माहौल में अंत्येष्टि कर दी गई। बाकी चार को सुपुर्द-ए-खाक किया गया। अंतिम यात्रा और जनाजे में काफी तादाद में लोग शामिल हुए। पांचों शवों का मंगलवार रात में ही पोस्टमार्टम करा दिया गया था।
शहर के मोहल्ला जागीपुरा निवासी कल्लू के बेटे शरीफ की बारात मंगलवार को बुलंदशहर के अनूपशहर गई थी। मोहल्ले के परवेज पुत्र साबिर, राहुल पुत्र अफसर उर्फ अल्लू, भइये पुत्र खलील और मुन्ना पुत्र कमरुल, नदीम पुत्र खलील, मोहल्ला खंडसारी के अबरार पुत्र अंसार, चंदौसी निवासी नसीर पुत्र मजीद भी बारात में गए थे। बारात में शामिल होने के बाद सभी लोग जायलो कार से बदायूं लौट रहे थे। कार शहर के मोहल्ला लोची नगला निवासी राजू शर्मा पुत्र रामौतार शर्मा चला रहा था। बरेली-मथुरा हाईवे पर उझानी के गांव गंगोरा गांव के पास कार और टैंकर की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में परवेज, राहुल, भइये, मुन्ना और कार चालक राजू की मौके पर मौत हो गई। अबरार, नसीर और नदीम गंभीर घायल हो गए।
पांचों शव मंगलवार रात ही पोस्टमार्टम कराने के बाद परिवार वालों के सुपुर्द कर दिए गए। बुधवार को राजू की लालपुल स्थित श्मशान घाट पर अंत्येष्टि की गई। परवेज, राहुल, भइये और मुन्ना को गमगीन माहौल में सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया।
बदायूं। जायलो कार चालक राजू शर्मा के पांच बेटियां हैं। हादसे में राजू की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। उसकी पत्नी मीरा बदहवास है। मंगलवार को टैक्सी यूनियन ने शोकसभा कर राजू को श्रद्धांजलि दी। इसके साथ ही टैक्सी यूनियन के पदाधिकारियों ने आपस में धनराशि एकत्र कर राजू की पत्नी मीरा को आर्थिक मदद भी मुहैया कराई। मदद करने वालों में विपिन पटेल, मुकीम, अशोक, इंद्रेश, मुकेश कुमार, सतीश, सोनू, अर्जुन, नईम, फौजी, अंशू, नफीस, आकाश लल्ला बाबू, अजय, विकास, विजय आदि शामिल रहे।