अज्ञात वाहन की टक्कर से एक बच्चे की मौत हो गई। गुस्साए ग्रामीणों ने मार्ग जाम कर दिया। पुलिस ने जाम खुलवाया। पुलिस ने दुर्घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
कोतवाली के गांव नागपुर निवासी सुनील की पत्नी भूदेवी और उसकी आठ साल की पुत्री शीतल सोमवार दोपहर नगर के पास स्थित बहादुर बाबा के मंदिर में प्रसाद चढ़ाने आए थे। बताते हैं कि मां-बेटी प्रसाद चढ़ाकर गांव जा रही थीं। तभी एक अज्ञात वाहन ने सड़क के किनारे चल रही शीतल को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि शीतल का सिर सड़क पर जा लगा। इससे मौके पर ही शीतल ने दम तोड़ दिया। आसपास खड़े गांव वालों ने अज्ञात वाहन का पीछा भी किया लेकिन पकड़ नहीं पाए। इस घटना से आक्रोशित लोगों ने पंद्रह मिनट तक बिसौली-बिल्सी रोड पर जाम लगा दिया। गांव के ही बुजुर्गों द्वारा समझाने पर जाम खुलवाया गया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने पंचनामा भरवाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बता दें कि सुनील के दो बेटियां और एक बेटा है। शीतल गांव के ही प्राइमरी स्कूल में कक्षा एक की छात्रा थी।