नकली नोट बरामदगी मामले में रविवार को बदायूं पहुंची यूपी एटीएस (आतंकवाद निरोधक दस्ता) ने मुकीम से पूछताछ की। मुकीम ने कई मोबाइल नंबर एटीएस को दिए हैं। मामले में पूरी जानकारी गृह मंत्रालय और एटीएस के डीजी को भेजी जा रही है।
स्वाट टीम और सिविल लाइंस पुलिस ने शनिवार को कचहरी तिराहे के पास से उझानी के कांशीनगर कॉलोनी निवासी मुकीम को गिरफ्तार किया था। इसके पास 40 हजार रुपये के नकली नोट मिले थे। मुकीम को यह नोट पश्चिमी बंगाल की रहने वाली मुमताज नाम की एक महिला ने सप्लाई किए थे। मुकीम की गिरफ्तारी के बाद आईबी भी एलर्ट हो गई। मुकीम के पाकिस्तान और बांग्लादेश से कनेक्शन होने की संभावना जताई जा रही थी। एटीएस ने सिविल लाइंस थाने में घंटों मुकीम से पूछताछ की गई। सूत्रों की मानें तो कुछ क्लू मिले हैं। जांच एजेंसियों का पूरा फोकस मुकीम को नकली नोटों की सप्लाई करने वाली महिला मुमताज की गिरफ्तारी पर है।
बाक्स
राजस्थान में मिली मुमताज की लोकेशन
बदायूं। आतंकवाद निरोधक दस्ता के सूत्रों की मानें तो मुकीम को नकली नोटों की सप्लाई करने वाली मुमताज की लोकेशन राजस्थान में मिली है। सोमवार तक स्वाट टीम और एटीएस को मुकीम का कॉल डिटेल रिकार्ड मिल जाएगा।