डीसीएम के एक ड्राइवर ने एआरटीओ के हमराह सिपाही पर मारपीट और अभद्रता करने का आरोप लगाया है। उसका आरोप है कि सभी कागजात दिखाने के बावजूद सिपाही ने उससे घूस मांगी। इंकार करने पर मारपीट और अभद्रता की। उसका कहना है कि एआरटीओ देखते रहे और उनका हमराह सिपाही उनको पीटता रहा लेकिन उन्होंने उसको रोका भी नहीं। ड्राइवर ने एसएसपी कार्रवाई की मांग की है।
बरेली के थाना नवाबगंज के मोहल्ला चाणक्यपुरी के रामआसरे ने एसएसपी को पत्र भेजा है। उसका कहना है कि वह राजस्थान के जयपुर से डीसीएम में पशु आहार लोड करके बरेली लौट रहा था। उझानी कोतवाली क्षेत्र में छतुइया रेल फाटक के पास बदायूं के एआरटीओ अमिताभ राय की गाड़ी खड़ी थी। एआरटीओ के हमराह एक सिपाही ने हाथ देकर उसकी डीसीएम को रोक दिया। उससे गाड़ी के साथ उसके लोड माल के कागजात दिखाने को कहा। उसने सभी कागजात दिखा दिए। इसके बाद हमराह सिपाही उससे दो हजार रुपये घूस मांगने लगा। इंकार करने पर सिपाही ने अभद्रता करते हुए मारपीट कर दी। गाड़ी में बैठे एआरटीओ यह सब देखते रहे। रामआसरे ने एसएसपी को पत्र भेजकर मामले में कार्रवाई की मांग की है।
जिले में नियमित वाहन चेकिंग चल रही है। यह मामला मेरी जानकारी में है। डीसीएम का चालक यातायात नियमों का उल्लंघन कर रहा था। उसे रोका गया था, कागजात देखने के बाद चेतावनी देकर जाने दिया गया। मारपीट, अभद्रता और घूस मांगने की बात गलत है। फिर भी आरोप की पड़ताल कराई जाएगी।
-अमिताभ राय, एआरटीओ