- ट्रक और पिकअप में आमने-सामने हुई टक्कर
मुरादाबाद-रामपुर रोड पर ट्रक और पिकअप में आमने-सामने से हुई टक्कर में पिकअप चालक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उसमें बैठे दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से एक युवक को गंभीर हालत में मुरादाबाद के लिए रेफर कर दिया गया।
मृतक 40 वर्षीय नवाब सिंह थाना जरीफनगर क्षेत्र के गांव दियोहरा शेखपुर निवासी पान सिंह का बेटा था। वह शुक्रवार को अपनी पिकअप से दो साथियों सुरेन्द्र पुत्र किशनलाल और मोहनलाल पुत्र दुर्जन के साथ काशीपुर जा रहा था। रात लगभग 11 बजे जैसे ही वह मुरादाबाद से लगभग 20 किलोमीटर आगे पहुंचा कि सामने से आ रहे एक ट्रक से जबर्दस्त भिड़ंत हो गई। ट्रक की टक्कर से पिकअप पलट गई, जिसमें फंसने से नवाब सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उसके दोनों साथी गांव दियोहरा शेखपुर निवासी सुरेन्द्र सिंह और मोहनलाल गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस को अज्ञात वाहन के खिलाफ तहरीर दे दी गई है। पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराकर उसका शव परिजनों को सौंप दिया।