डाक विभाग में लाखों का घोटाला:
मुख्य डाक अधीक्षक हटाए गए, चार कर्मी सस्पेंड
बरेली से आई टीम ने खंगाले रिकार्ड
बलराम शर्मा
डाक विभाग को विभाग के ही चार कर्मचारियों ने करीब 25 लाख रुपये का चूना लगाया है। मामला प्रकाश में आने के बाद इसकी गोपनीय पड़ताल शुरू कर दी गई है। मुख्य डाक अधीक्षक रामबाबू मिश्रा को हटाकर मुरादाबाद अटैच कर दिया गया है। आरोपों में घिरे चार कर्मचारियों को भी निलंबित किया गया है, लेकिन इनका नाम उजागर करने में विभाग गोपनीयता बरत रहा है। सोमवार को बरेली से आई एक जांच टीम ने यहां का रिकार्ड खंगाला। कुछ कागजात अपने साथ ले गई।
डाक विभाग ने हाल ही में एटीएम सेवा शुरू की है। विभागीय सूत्र बताते हैं कि कि चार कर्मचारियों ने दर्जनों एटीएम कार्ड चोरी कर लिए। इन कार्ड के जरिए अलग-अलग स्थानों से करीब 25 लाख रुपये निकाल गए। ग्राहकों को एटीएम नहीं मिले और रुपया खातों से कम हो गया, तब मामला खुला। विभागीय पड़ताल चालू हुई, तो पता लगा कि घोटाला हुआ है।
सोमवार को बरेली से आई एक जांच टीम ने भी पड़ताल की। इसके बाद मुख्य डाक अधीक्षक रामबाबू मिश्रा को बदायूं से हटाकर मुरादाबाद से अटैच कर दिया गया है। गबन के आरोपी चार कर्मचारियों को भी सस्पेंड किया गया है। बदायूं के मुख्य डाकघर की जिम्मेदारी बरेली से आए मनोज कुमार को दी गई है। अभी उन्होंने कार्यभार ग्रहण नहीं किया है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि पड़ताल के बाद ही बताया जा सकता है कि गबन की गई रकम कितनी है। अधिकारी निलंबित हुए कर्मियों का नाम बताने से भी कतराते रहे।
फंस सकती है और कई की गर्दनें
बदायूं। घोटाले में कई डाक कर्मियों और अधिकारियों की गर्दनें फंसने की बात से इंकार नहीं किया जा सकता। जांच प्रभावित न हो इसी वजह से मुख्य डाक अधीक्षक रामबाबू मिश्रा को बदायूं से तत्काल हटा दिया गया है। विभागीय सूत्रों की मानें तो प्रथम दृष्टया चार कर्मचारी जरूर संलिप्त मिले हैं। जांच के बाद इनकी संख्या और रकम भी बढ़ सकती है।
पहले हुआ भी हुआ था 2.50 करोड़ का घोटाला
बदायूं। डाक विभाग में गबन का यह पहला मामला नहीं है। करीब 10 साल पहले डाक कर्मी चमन कश्यप ने इंदिरा विकास पत्रों के जरिए विभाग को करीब 2.50 करोड़ रुपये का चूना लगाया था। इस मामले में चमन को जेल भेजा गया था। गबन की गई रकम की रिकवरी भी की गई थी। गबन का नया मामला सामने आने के बाद पुरानी यादें फिर जाता हो गई हैं।
लाखों रुपये के घोटाले का मामला सामने आया है। चार कर्मचारियों को सस्पेंड करने की सूचना अभी मिली है। इनके नाम मैं फिलहाल नहीं बता सकता। मामले में गोपनीय जांच चल रही है। जांच प्रभावित न हो इस वजह से मुझे भी मुरादाबाद से अटैच कर दिया गया है।
-रामबाबू मिश्रा, मुख्य डाक अधीक्षक, बदायूं