खासपुर के जंगल में गोवंशीय पशु की हत्या कर रहे थे तस्कर
एक देशी रायफल, दो तमंचे, दो कटे हुए पशु बरामद
गांव खासपुर के जंगल में गोवंशीय पशु की हत्या कर रहे पशु तस्करों ने छापा मारने पहुंची पुलिस पर ही फायरिंग कर दी। पुलिस ने जवाब देते हुए घेराबंदी कर तीन तस्करों को पकड़ लिया, जबकि उनके तीन साथी भाग निकले।
एसओ कुंवरगांव राजेश कुमार ने बताया कि उन्हें सूचना मिली कि खासपुर के जंगल में पशु तस्कर गोवंशीय पशु की हत्या कर मांस सप्लाई करने की तैयारी कर रहे हैं। इस पर पुलिस टीम ने साथ उन्होंने बताए गए स्थान पर छापा मारा। पुलिस को देखते ही तस्करों ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई करके तस्करों को घेर लिया। मौके से खासपुर के रियासत, बनेई के भूरे उर्फ कलीम और बिनावर थाने के गांव निजामपुर के रमजानी को गिरफ्तार कर लिया गया। इनके कब्जे से एक देशी रायफल, दो तमंचे, करीब 180 किलो मांस और दो पशुओं के अवशेष बरामद हुए। पुलिस की घेराबंदी के दौरान शेखूपुर का शाकिर और खासपुर के फरमान, गुफरान फायरिंग करते हुए भाग गए। गिरफ्तार तस्कर भूरे उर्फ कलीम के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई भी हो चुकी है। मामले में गोवध निवारण अधिनियम और पुलिस मुठभेड़ का मुकदमा कायम किया गया है। एसओ राजेश कुमार ने बताया कि फरार तस्करों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। सभी के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई की जाएगी।