सरकारी काम में बाधा पर तहसीलदार का कड़ा रुख
नाला पाटने की शिकायत पर पैमाइश के लिए पहुंचे तहसील सदर के कानूनगो और लेखपाल को खेड़ा नवादा के कुछ लोगों ने दौड़ा दिया। इस मामले में तहसीलदार आरपी चौधरी ने एफआईआर दर्ज कराने का आदेश दिया है। आरोपियों के खिलाफ सिविल लाइंस थाने में सरकारी काम में बाधा डालने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
सिविल लाइंस थाने के सिरसा रोड पर कुछ लोगों ने मिट्टी डालकर नाला बंद कर दिया था। इससे यहां जल भराव हो रहा था। लोगों की शिकायत पर शुक्रवार को नगर पालिका की टीम के साथ कानूनगो सत्यपाल और लेखपाल रियाजुद्दीन मौके पर पहुंचे थे। पैमाइश के दौरान खेड़ा नवादा के दबंगों ने इनको दौड़ा दिया। दोनों ने इसकी जानकारी तहसीलदार आरपी चौधरी और उच्च अधिकारियों को दी। तहसीलदार ने मामले में सख्त कार्रवाई का आदेश दिया। इसके बाद आरोपियों के खिलाफ सिविल लाइंस थाने में सरकारी काम में बाधा डालने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
-----
मामले में सरकारी काम में बाधा डालने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। कानूनगो और लेखपाल के साथ अभद्र व्यवहार करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।-आरपी चौधरी, तहसीलदार सदर
------
पांच लोगों पर एफआईआर, 22 को जारी किया नोटिस
बदायूं। विद्युत वितरण खंड द्वितीय ने शुक्रवार को अभियान चलाकर कुंवरगांव में पांच स्थानों पर बिजली चोरी पकड़ी। इन सभी के खिलाफ बिजली चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। अभियान के दौरान बकाया अदा न करने वाले 69 लोगों के कनेक्शन भी काटे गए हैं।
शुक्रवार को अधिशासी अभियंता छैल बिहारी के निर्देशन में अभियान चलाया गया। कुंवरगांव में चार नलकूप चोरी की बिजली से चलते मिले। एक घरेलू कनेक्शन भी चोरी से चल रहा था। इसके साथ ही विभाग ने 30.67 लाख रुपये के बकाए की वसूली के लिए 22 उपभोक्ताओं को नोटिस जारी किया है। अभियान के दौरान विभाग ने 8.92 लाख रुपये की वसूली की और 61 नए कनेक्शन भी जारी किए।