पत्नी की विदा कराने ससुराल आए युवक को विषाक्त पदार्थ खिला दिया गया। इलाज के दौरान उसकी जिला अस्पताल में मौत हो गई। परिवार वालों का आरोप है कि ससुरालियों ने ही उसको विषाक्त खिलाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। अब तक रिपोर्ट दर्ज नहीं हो सकी है।
कासगंज जिले के थाना सिकंदरपुर वैश्य अंतर्गत गांव किला हसतगढ़ निवासी धीरेंद्र (25) पुत्र रामचंद्र की शादी करीब दो साल पहले उसावां के गांव अकबरपुर निवासी ओमप्रकाश की बेटी गीता के साथ हुई थी। धीरेंद्र अपने बड़े भाई कुंवरसिंह के साथ गुजरात के अहमदाबाद में रहकर काम करते थे।
करीब पंद्रह दिन पहले उनकी पत्नी गीता मायके आ गई थीं। बुधवार को धीरेंद्र अपनी पत्नी की विदा कराने ससुराल आए। शुक्रवार को वह गंभीर हालत में उसहैत में मिले। लोगों ने इनको सीएचसी पर भर्ती कराया। यहां से धीरेंद्र को जिला अस्पताल भेज दिया गया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान देर शाम उनकी मौत हो गई।
धीरेंद्र के भाई कुंवरसिंह का आरोप है कि ससुरालियों ने ही उनको जहर खिलाया है। पिछले सप्ताह ही धीरेंद्र अहमदाबाद से लौटे थे। उनके पास नकदी भी थी।