तमंचे के बल पर किशोरी को अगवा कर किया दुष्कर्म
एसएसपी के निर्देश पर घटना के पांच दिन बाद दर्ज हुई रिपोर्ट
अमर उजाला ब्यूरो
सहसवान। घर में अकेली मौजूद एक किशोरी को दो लोग तमंचे के बल पर अगवा करके ले गए और नशा देकर एक आरोपी ने दुष्कर्म किया। एसएसपी के निर्देश पर घटना के पांच दिन बाद बुधवार को आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई।
कोतवाली क्षेत्र में रहने वाली 14 वर्षीय किशोरी का कहना है कि 30 नवंबर की दोपहर करीब 12 बजे उसके माता- पिता खेत पर सिंचाई करने गए हुए थे। वह घर में अकेली थी। तभी उसी गांव का आनंद बाबू अपने साथी देवेंद्र के साथ घर में घुस गया और तमंचे के बल पर उसे बाइक पर बैठाकर ले गया। आरोपित उसे एक अन्य गांव में ले गए और नशे की गोली खिला दी। इसके बाद आरोपित आनंद बाबू ने दुष्कर्म किया। आरोपित ने किशोरी के आपत्तिजनक फोटो खींच लिए और पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। आरोपित उसे अगले दिन सहसवान में छोड़ गए। उसने घर जाकर घटना की जानकारी परिवार वालों को दी। आरोप है कि परिजनों के साथ किशोरी ने थाने जाकर तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इसके बाद पीड़ित ने एसएसपी से शिकायत की। एसएसपी के आदेश पर दोनों आरोपितोें के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई। कोतवाल कुशलवीर सिंह का कहना था कि मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।