प्रेमी युगल ने शुक्रवार को परिजनों के साथ पुलिस को भी परेशानी में डाल दिया। दोनों एक साथ पहले बदायूं जाकर एसएसपी से मिले फिर प्रेमिका ने घरवालों पर ही मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न का आरोप लगा दिया। एसएसपी से मिलने के लिए छात्रा ने अपना बीए का पेपर भी छोड़ दिया। लव मैरिज करने में सहयोग की गुहार लगाते हुए सुरक्षा की भी मांग की। प्रेमी युगल का ड्रामा शुक्रवार को पूरे दिन चला। इलाके के एक कॉलेज की छात्रा बीए का पेपर छोड़ कर कछला में प्रेमी छात्र से मिलने पहुंची। बाइक से निकले प्रेमी युगल ने पूर्वाह्न में एसएसपी दफ्तर की ओर रुख किया। उनके साथ मददगार की भूमिका में एक और युवक भी था। प्रेमी युगल ने बदायूं में एसएसपी के सामने पेश होकर अपने दास्तां बयां की। छात्रा की माने तो वह जिस युवक से प्रेम करती है, उसके बारे में दोनों के परिजन भी जानते हैं लेकिन छात्रा के घरवाले रजामंद नहीं हैं। दो दिन पहले घरवालों ने छात्रा की पिटाई भी की। पिटाई से पैर में लगी चोट भी बताई। छात्रा ने घरवालों से जान का खतरा बताया और लव मैरिज होने तक सुरक्षा देने की गुहार लगाई।
एसएसपी को दास्तां सुनाने के बाद अपराह्न में कोतवाली पहुंचे प्रेमी युगल ने थानाध्यक्ष राजीव कुमार को भी पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया। दोनों ने बालिग होने का सुबूत भी थानाध्यक्ष के सामने पेश किया। थानाध्यक्ष ने बताया कि उन्होंने भी अफसरों को हकीकत से अवगत करा दिया है। छात्रा से उसके घरवालों का नंबर लेकर उन्हें बुलाने का कॉल की गई लेकिन कोई नहीं आया। बाद में दोनों कोतवाली से घर जाने की कहकर चले गए। उधर, कॉलेज के प्राचार्य ने बताया कि छात्रा के बाबा दोपहर में कॉलेज आए थे। छात्रा बीए प्रथम वर्ष तो छात्र बीए तृतीय वर्ष में पढ़ता है। छात्रा ने शुक्रवार को सामान्य हिंदी का पेपर भी छोड़ दिया।
छात्रा के पिता ने युवक कराया नामजद
उझानी। प्रेमी युगल के कोतवाली से चले जाने के बाद छात्रा का पिता कोतवाली पहुंचा। उसने कछला के गांव खजुरारा निवासी विकास उपाध्याय के खिलाफ बेटी को गुमराह कर अगवा कर ले जाने की नामजद रिपोर्ट दर्ज करा दी। थानाध्यक्ष ने बताया कि जल्द ही छात्रा को कोर्ट में पेश कर बयान दर्ज कराया जाएगा। उसके बयान के बाद ही आगे की कार्रवाई होगी।