पटाखे से बिस्तर में लगी, युवक की मौत
दिवाली की रात नौ बजे कछला में हुई घटना
अमर उजाला ब्यूरो
उझानी (बदायूं)। आतिशबाजी के दौरान छोटी सी चिंगारी ने कछला के एक परिवार की दिवाली हमेशा के लिए काली कर दी। दिवाली का जश्न मनाने के दौरान छोड़े गए एक रॉकेट से बिस्तर में लगी आग एक से एक व्यक्ति गंभीर रूप से झुलस गया, जिसकी जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया।
बुधवार को दिवाली की रात हर कोई दिवाली के जश्न में डूबा था। चारों ओर आतिशबाजी छोड़ी जा रही थी। कछला के मुरावन नगला निवासी महावीर (48) पुत्र ननकू नगर पंचायत में सफाई कर्मी है। महावीर दिवाली की पूजा करने के बाद बरामदे में पड़ी चारपाई पर सो गया। उनके घर के बाहर बच्चे पटाखे छोड़ रहते रहे। उसी दौरान किसी बच्चे ने रॉकेट छोड़ा। परिजनों के मुताबिक रॉकेट आसमान की ओर जाने के बजाय तिरछा होने के बाद घर के अंदर जाकर महावीर के बिस्तर में जा घुसा। तभी धमाका होने के साथ बिस्तर में आग लग गई, जिससे महावीर आग की लपटों में घिर गया। बेटे रवि ने बताया कि महावीर की चीखें सुनकर परिवार के लोग बचाने को दौड़े। मगर उन्होंने जब तक आग बुझाई तब तक महावीर बुरी तरह झुलस चुके थे। फौरन उन्हें गंभीर हालात में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां से डॉ. एम रहमान ने महावीर की हालत गंभीर बताकर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान गुरुवार तड़के करीब पांच बजे महावीर की मौत हो गई।
महावीर की तीन बेटियां और दो बेटे हैं। सूचना मलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है। कोतवाल विनोद कुमार ने बताया कि महावीर के घरवालों ने हादसे की वजह पटाखे होना बताई है। हकीकत क्या है इसकी छानबीन की जा रही है। उधर, पोस्टमार्टम के बाद परिवार वाले महावीर का शव घर ले गए और देर शाम अंतिम संस्कार कर दिया गया। नगर पंचायत अध्यक्ष नरेश यादव मृतक के घर पीड़ित परिवार वालों को सांत्वना देने पहुंचे।