गैंगरेप का शिकार हुई नाबालिग के परिवारवालों को मुख्यमंत्री राहत कोष से पांच लाख रुपये की आर्थिक मदद दी गई है। शनिवार को एडीजी (क्राइम) एचसी अवस्थी की मौजूदगी में सपा जिलाध्यक्ष बनवारी सिंह यादव ने कलेक्ट्रेट सभागार में यह चेक पीड़िता की मां को सौंपा। इस दौरान आईजी जोन विजय मीना और डीएम शंभूनाथ भी मौजूद रहे।
एडीजी (क्राइम), आईजी जोन विजय मीना और डीआईजी रेंज आरकेएस राठौर शु्क्रवार को बदायूं पहुंच गए थे। सभी अधिकारियों ने घटनास्थल का मुआयना करने के साथ-साथ पीड़िता और उसके परिवारवालों से घटनाक्रम की जानकारी ली थी। शनिवार को एडीजी (क्राइम) फिर जिले में पहुंचे। यहां पीड़ित परिवार को मुख्यमंत्री राहत कोष से पांच लाख रुपये का चेक दिया गया। बता दें कि शनिवार को ही मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने लखनऊ में किशोरी को आर्थिक सहायता देने की घोषणा की थी।