बिसौली (बदायूं)। चार दिन पहले फर्नीचर कारीगर को मौत के घाट उतारने वाला कोई और नहीं, बल्कि उसका पड़ोसी युवक निकला। युवक के मुताबिक फारुख उससे एक गलत कार्य करने को दबाव बना रहा था। इससे गुस्से में आकर उसने हत्या कर दी।
सीओ बिसौली सर्वेंद्र सिंह ने शुक्रवार को खुलासा करते हुए बताया कि चार फरवरी की रात नगर के मालियान मोहल्ले में फर्नीचर कारीगर फारुख की उसके ही औजारों से गोदकर हत्या कर दी गई थी। खून से सने औजार पड़ोसी सूखे की छत पर पड़े मिले थे। घटनास्थल से कारीगर का मोबाइल गायब था, जिसे सर्विलांस पर लगा दिया गया था। पुलिस की मानें तो कारीगर का मोबाइल नगर की एक दुकान से बरामद हुआ, जिस पर उस दुकानदार को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। दुकानदार ने बताया कि मोबाइल मालियान मोहल्ले का शाहिद सिद्दीकी बेचकर गया था। इस दौरान उसने शाहिद की वीडियो भी बना ली थी। शाहिद ने उससे कहा था कि कोई बात होती है तो वह खुद जिम्मेदार होगा। उसके बाद पुलिस ने शाहिद को गिरफ्तार कर लिया। सख्ती से पूछताछ की गई तो उसने सारा सच उगल दिया। पुलिस के मुताबिक शाहिद ने बताया कि फारुख नशा करता था और एक गलत कार्य करने के लिए दबाव बना रहा था। इसके लिए कई बार वह दबाव बना चुका था। चार फरवरी की रात करीब नौ बजे शाहिद उसके घर पहुंचा। फारुख ने उसके सामने ही नशा किया और कुछ गोलियां खाईं। जैसे ही फारुख सोया, तभी उसने बसूला आदि औजारों से उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने पास के बाग से शाहिद की खून से सनी शर्ट भी बरामद कर ली है। कार्रवाई के बाद उसे जेल भेज दिया गया।
---------------------
खुद को बचा गया दुकानदार
अगर दुकानदार ने मोबाइल खरीदते वक्त शाहिद का वीडियो नहीं बनाया होता तो शायद दुकानदार भी शक के घेरे में आ जाता। उसने शाहिद का उसी समय वीडियो बना लिया था। शाहिद बोला भी था कि अगर कोई पुलिस केस होगा तो वह जिम्मेदार होगा, लेकिन दुकानदार की समझदारी काम आई और वह पुलिस केस से बच गया।