भाकियू और बीकेडी के संयुक्त पंचायत में उठे तमाम मसले
बीकेडी और भाकियू की संयुक्त पंचायत में कई मुद्दे उठाए गए। इसमें उझानी के गांव वरसुआ उच्च प्राथमिक विद्यालय से विमला कुमारी का ट्रांसफर उस स्थिति में किया गया जब इस विद्यालय में 350 बच्चों पर यह इकलौती अध्यापिका हैं। बीकेडी और भाकियू ने इसे पैसे के बल पर शासनादेशों की अनदेखी करार दिया है और आंदोलन की धमकी दी है।
बीकेडी जिलाध्यक्ष राजेश कुमार सक्सेना ने कहा है कि बीएसए ने मोटी कमाई के लिए 350 बच्चों की पढ़ाई व्यवस्था पर कुल्हाड़ी मारी है। शासन के नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए बीएसए कार्यालय में तमाम काम किए जा रहे हैं।
उन्होंने किसान दिवस में बिल्सी मंडी के कई मुद्दे रखने की जानाकरी दी और कहा कि नकली डीएपी, पीसीएफ का दो करोड़ के बीज घोटाले और राहत घोटाला समेत तमाम घोटालों में एक भी व्यक्ति को जेल नहीं भेजा गया है। वहीं गन्ना किसानों को भुगतान नहीं किया जाना भी भाकियू और बीकेडी के मुद्दों में शामिल है।
भाकियू जिलाध्यक्ष धर्मपाल सिंह ने कहा कि मासिक पंचायत में सभी घोटालों के मुद्दे उठाए जाएंगे। सहकारी चीनी मिल के दोगुना विस्तार की मांग भी पंचायत में रखी जाएगी। इसके लिए भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौ. राकेश टिकैत को आमंत्रण भेज दिया गया है। इस मौके पर परवेज आलम, हारुन गौस, ग्रीश राजपूत, शकील, फैसल, राजू फौजी, पप्पू कुशवाहा, बाबू खां, अनिल पटेल, वीरेंद्र पाली, राकेश शर्मा आदि मौजूद रहे।