खाता धारक ठेकेदार ने रिपोर्ट दर्ज कराने को दी तहरीर
सहसवान के गांव खैरपुर खैराती के इकबाल ठेकेदारी करते हैं। 20 अक्तूबर को उनके लिए बिल्डर फरमान अहमद ने 2.40 लाख रुपये का चेक दिया था। इकबाल ने चेक एसबीआई की कृषि विभाग शाखा में अपने खाते में जमा कर दिया, लेकिन रकम उनके खाते में नहीं पहुंची। 27 अक्तूबर को वह बैंक गए। इस बारे में प्रबंधक मनमोहन से शिकायत की। आरोप है कि शाखा प्रबंधक ने उनके साथ अभद्रता की। इकबाल ने रिपोर्ट दर्ज कराने को कोतवाली में तहरीर दी है। इधर लीड बैंक मैनेजर चारू भट्टाचार्य का कहना है कि इस संबंध में उनके पास कोई शिकायत नहीं आई है। शिकायत आने पर कार्रवाई होगी।
विवाहिता को घर से निकाला
दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुरालियों ने विवाहिता को मारपीट कर घर से निकाल दिया। उझानी के मोहल्ला अहिरटोला निवासी रचना की शादी मुजरिया थाने के गांव कटइया भगवंती के सतीश के साथ हुई थी। रचना का आरोप है कि पति दहेज की मांग कर रहा था। मांग पूरी न होने पर उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया। रचना ने पति सतीश और ससुर पन्ना लाल के खिलाफ दहेज उत्पीड़न की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
फौजदारी में छह लोग घायल
थाना क्षेत्र के गांव मूसेपुर में दो पक्षों में हुई फौजदारी में छह लोग घायल हो गए। दोनों ओर से रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। गांव के रंजीत और पृथ्वीराज के बीच हुआ मामूली विवाद संघर्ष में बदल गया। मारपीट में एक पक्ष के रंजीत, मुन्ना लाल और वीरपाल घायल हो गए। दूसरे पक्ष के पृथ्वी सिंह, ऋषिपाल और मुकेश घायल हो गए। दोनों ओर से रिपोर्ट दर्ज करने के बाद पुलिस ने घायलों को मेडिकल के लिए भेजा है।