ओरछी (बदायूं)। ओरछी चौराहे पर बने प्राइवेट अस्पताल में रविवार को एक महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। इससे गुस्साए परिवार वालों ने तोड़फोड़ और स्टाफ के साथ मारपीट कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले गई, जहां उनके बीच फैसला हो गया।
फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के ग्राम बर्रई निवासी अमर सिंह रविवार सुबह अपनी 55 वर्षीय पत्नी सूरजमुखी को दवा दिलाने ओरछी चौराहे आए थे। उनकी अचानक तबीयत बिगड़ गई थी। ओरछी चौराहा पहुंचकर उन्होंने एक प्राइवेट अस्पताल में पत्नी को भर्ती करा दिया। कुछ देर बाद सूरजमुखी की मौत हो गई। इससे परिवारवालों ने हंगामा शुरू कर दिया और अस्पताल में तोड़फोड़ कर दी। इससे अस्पताल में भगदड़ मच गई। डॉक्टर ने छिपकर किसी तरह अपनी जान बचाई। इस पर परिवार वालों ने बाकी स्टाफ के साथ मारपीट कर दी। उसी समय किसी ने थाना पुलिस को सूचना दे दी, जिस पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और महिला के परिवार वालों के अलावा अस्पताल के स्टाफ को थाने ले गई। देर रात तक दोनों के बीच फैसले की बात चलती रही। अंत में दोनों के बीच फैसला हो गया और परिवार वाले शव को अपने घर ले गए।