एक गांव से रहस्यमय हालात में लापता हुईं दो सगी बहनें बरेली के रोडवेज बस स्टैंड पर मंगलवार शाम घूमते हुए मिल गईं। चाइल्ड लाइन के कार्यकर्ता उन्हें कार्यालय ले गए। जहां दोनों बहनों के नाम-पता बताने पर पुलिस के माध्यम से उनके परिवार वालों को सूचना दी गई। परिवार वाले अभी बरेली नहीं गए हैं। गुरुवार को उन्हें लेने जाएंगे।
जरीफनगर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी 14 और 10 साल की दो बहनें मंगलवार सुबह लापता हो गईं। दोपहर तक दोनों बहनें घर नहीं लौटीं तो परिवार वालों को चिंता हुई। उन्होंने दोनों बहनों की तलाश शुरू कर दी। देर शाम तक उनका कुछ पता नहीं चला। इधर, बुधवार सुबह जरीफनगर पुलिस ने परिवार वालों को सूचना दी कि दोनों बालिकाएं बरेली में हैं। दोनों बरेली में पुराने रोडवेज बस स्टैंड पर घूम रहीं थीं। उसी समय चाइल्डलाइन हेल्प केयर कार्यकर्ताओं ने शक के आधार पर उन्हें रोक लिया और पूछताछ करते हुए अपने कार्यालय ले गए। उसके बाद उन्होंने स्थानीय पुलिस के सहयोग से जरीफनगर थाने सूचना भिजवाई और उनके परिवार वालों को बरेली बुलाया। दोनों बहनों के पिता का कहना है कि वह आर्थिक तंगी से गुजर रहा है। गुरुवार को बरेली जाएगा, तभी उन्हें लेकर लौटेगा।