करीब एक दर्जन बदमाशों ने बुधवार रात कुंवरगांव में एक किराना व्यापारी के घर बोला। आहट सुनकर जागे घरवालों के शोर मचाने पर बदमाश भाग गए । मोहल्ले के लोगो का आरोप है कि कस्बे में गश्त नियमित नहीं होने की वजह से बदमाशों का गिरोह सक्रिय हो गया है। करीब दर्जनभर से अधिक बदमाशों के कस्बे में आने से लोगों में दहशत है । थाने से करीब सौ कदम की दूरी पर किराना व्यापारी पूरनलाल साहू का मकान है । बुधवार रात वह घर में सोये थे। रात लगभग दो बजे आहट होने पर घर में सो रहे सभी लोग जाग गए और मदद को चीखने लगे । आवाज सुनकर आस पास रहने वाले लोग भी जाग गए और शोर मचाने लगे, जिस पर बदमाश भाग गए। लिंटर के ऊपर लगे लोहे के जाल को बदमाशों ने तोड़ दिया था। अगर घर में सो रहे लोग सतर्कता नहीं बरतते तो बड़ी घटना होने की आशंका थी। आरोप है घटना के दौरान डायल 100 नंबर नहीं लगा और न ही पुलिस सूचना पर घटनास्थल पर पहुंची । पूरन लाल साहू के भाई धर्मपाल साहू थाने के सामने रहते हैं । पूरन लाल साहू ने अपने भाई को फोन कर घटना की सूचना दी तो धर्मपाल साहू अपने साथ पुलिस को लेकर घटना के दो घंटे बाद घटनास्थल पर पहुंचे। मौके से एक सीड़ी और एक बड़ा पेचकस पुलिस ने बरामद किया है। देर शाम तक मुकदमा दर्ज नहीं हो सका था। इंस्पेक्टर प्रमोद कुमार का कहना है कि तहरीर मिली है घटना की छानबीन की जा रही है।