कादरचौक (बदायूं)। चार दिन पहले मायके से आई विवाहिता को ससुराल वालों ने जहर देकर मार डाला। आरोपियों ने खुद को बचाने के लिए घर में बदमाशों के धावा बोलने का शोर मचा दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पूछताछ की। शुरू में मृतका की सास से बहाने बनाती रही, लेकिन सख्ती करने पर सारा राज उगल दिया। पता चला कि आरोपियों ने अपने दुश्मनों को फंसाने के लिए बहू को मार दिया।
यह घटना थाना क्षेत्र के गांव ललुआनगला में गुरुवार देर रात हुई। थाना मूसाझाग क्षेत्र के गांव रुखड़ा खोला निवासी धर्मेंद्र की पुत्री सीमा की शादी कादरचौक इलाके के गांव ललुआनगला निवासी पुरुषोत्तम से दो जुलाई 2017 को हुई थी। पहली विदा के बाद ससुराल वाले गत 23 अक्तूबर को बुलाकर लाए थे। पुलिस ने बताया कि देर रात उसे सूचना मिली कि पुरुषोत्तम के घर पर बदमाशों ने धावा बोल दिया है और लूटपाट का विरोध करने पर बहू सीमा की हत्या कर दी गई है। एसओ सत्यप्रकाश ने बताया कि पुलिस ने मौके की स्थिति को देखा तो ऐसा कुछ नहीं लग रहा था जिससे यह स्पष्ट होता कि बदमाशों घटना को अंजाम दिया है। मौके पर मिली सास कृष्णा से उन्होंने पूछताछ की तो मामला संदिग्ध लगा। सख्ती से पूछा तो कृष्णा ने सबकुछ सच-सच उगल दिया। कृष्णा ने पुलिस को बताया कि बेटे पुरुषोत्तम ने बहू को कोई जहर दे दिया। जिन से उनकी दुश्मनी चल रही है, उन्हें फंसाने को यह किया गया।
एसओ ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम को भेजा है। सास कृष्णा हिरासत में है, जबकि पति पुरुषोत्तम रात से ही फरार है।
--
दहेज हत्या की रिपोर्ट
कादरचौक। एसओ सत्यप्रकाश ने बताया कि इस मामले में मृतका सीमा के पिता धर्मेंद्र की ओर से पति पुरुषोत्तम, सास कृष्णा और एक ननद के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोप है कि ससुराल वाले सीमा से सोने की लर, बाइक और भैंस की मांग करते थे। मांग पूरी न होने पर उसे मार दिया गया। एसओ ने कहा कि पुरुषोत्तम और उसकी बहन को तलाश किया जा रहा है।
--
गांव वालों से पूछताछ में हो गया था साफ
कादरचौक। जब पुलिस गांव पहुंची और उसने मौके का जायजा लिया तो उसे शुरू से ही शक होने लगा था कि दाल में कुछ काला है। गांव वालों से बदमाशों के आने-जाने आदि के बारे में पुलिस ने पूछा। गांव वालों ने कहा कि उन्हें नहीं पता कि बदमाश कब आए और कब गए। वो तो शोर होने पर जाग गए थे।