फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पत्नी की हत्या कर उपलों की बटिया में फूंक दी लाश

विज्ञापन
विज्ञापन
बिसौली (बदायूं)। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम अतरपुरा में शुक्रवार तड़के एक व्यक्ति ने पत्नी की हत्या कर दी और शव ले जाकर उपलों की बटिया में फूंक दिया। इसके बाद पति समेत सभी परिवार वाले फरार हो गए। पुलिस ने बटिया से महिला की हड्डियां कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दी हैं। विवाहिता के भाई ने पति, उसके माता-पिता और भाई के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
विज्ञापन

यह वारदात शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे की है। उस समय कुछ लोग शौच के लिए जा रहे थे। तभी उन्हें अंगनलाल पुत्र नत्थूलाल उपलों की बटिया में कुछ जलाते दिखाई दिया। उन्होंने उसे टोका तो अंगनलाल मौके से फरार हो गया। ग्रामीणों को शक हुआ तो उन्होंने शोर मचा दिया, जिस पर गांव के काफी लोग एकत्र हो गए। उन्होंने देखा तो बटिया में अंगनलाल की 30 वर्षीय पत्नी सोमवती की लाश जल रही थी। यह देखकर कुछ लोग अंगनलाल के घर जा पहुंचे लेकिन उससे पहले परिवार वाले फरार हो चुके थे। मोहल्ले वालों ने तुरंत सोमवती के मायके सिद्धपुर चित्रसेन थाना बिल्सी और कोतवाली पुलिस को सूचना दी, जिस पर सोमवती का भाई सोमवीर अपने परिवार के साथ गांव पहुंच गया। सुबह करीब नौ बजे इंस्पेक्टर सत्यप्रकाश, एसएसआई पुष्पेंद्र सिंह और उसके बाद सीओ बिसौली सर्वेंद्र सिंह मौके पर पहुंच गए। तब तक गांव वालों ने आग बुझा दी। पुलिस को बटिया में कुछ हड्डियां और मांस मिला, जिसे कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सोमवीर ने अंगनलाल, ससुर नत्थूलाल, सास श्यामवती और देवर सत्यप्रकाश के खिलाफ हत्या और शव फूंकने के संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराई है। अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस के मुताबिक हत्या की वजह पारिवारिक क्लेश है, लेकिन क्लेश की वजह पुष्ट नहीं हो पाई है।
-------------------------
...तो क्या गोली मारकर
की गई सोमवती की हत्या
घर के बरामदे में दबा मिला तमंचा और छह कारतूस
अमर उजाला ब्यूरो
बिसौली (बदायूं)। अतरपुरा गांव में महिला की हत्या किस समय और कैसे हुई, इसका अंदाजा लगाना मुश्किल लग रहा है लेकिन अनुमान है कि उसकी गोली मारकर हत्या की गई थी। पुलिस ने अंगनलाल के घर के बरामदे में दबे तमंचे और कारतूस बरामद किए हैं।
विज्ञापन

हत्या की सूचना पर बिसौली पुलिस पहुंच गई थी। पुलिस ने सबसे पहले बटिया से महिला के जले शव के अवशेष को कब्जे में लिया। उसके बाद आरोपी के घर पर छापा मारा। घर पर कोई सदस्य तो नहीं मिला लेकिन बरामदे में ताजा मिट्टी खोदी हुई दिखाई दी। पुलिस ने फावड़ा मंगाकर बरामदे को खोद डाला, जिसमें एक तमंचा और छह कारतूस निकले। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि महिला की हत्या गोली मारकर की गई है। हालांकि गांव वालों ने इसकी पुष्टि नहीं की। अनुमान के तौर पर गोली लगने से हत्या मानी जा रही है। अंगनलाल के घर पर खून के धब्बे भी नहीं मिले हैं।
-------------
चंडीगढ़ में नौकरी करता है आरोपी पति
आरोपी अंगनलाल दो भाइयों में बड़ा है। वह चंडीगढ़ में नौकरी करता था। सोमवती से उसका करीब 14 साल पहले विवाह हुआ था। उसके दो बेटे हैं। बड़ा बेटा रवि (10) और अनिल (8) हैं। मोहल्ले वालों के मुताबिक अंगनलाल एक दिन पहले ही चंडीगढ़ से लौटकर आया था। रात को उसने शराब पी और उसके बाद घर में विवाद हुआ। उसने सोमवती की हत्या क्यों की, अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है।
----------------
भाई बोला, अंगनलाल रोज करता था मारपीट
बिल्सी थाना क्षेत्र के ग्राम सिद्धपुर चित्रसेन निवासी सोमवीर बोला कि उसका बहनोई अंगनलाल रोजाना उसकी बहन सोमवती के साथ मारपीट करता था। घर पर रहता तो शराब पीकर उसे परेशान करता था। इससे उसकी बहन काफी दुखी थी। कई बार वह इसकी शिकायत भी कर चुकी थी।
----------------
अतरपुरा निवासी अंगनलाल ने पत्नी की हत्या कर दी और उसके शव को उपलों की बटिया में फूंक दिया। इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। कोई पकड़ा जाए तभी पता चले कि उसने हत्या क्यों की और कैसे की। फिलहाल उनकी गिरफ्तारी को टीम लगा दी गई है।
विज्ञापन

-सत्यप्रकाश सिंह, इंस्पेक्टर बिसौली
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें