जरीफनगर। दिल्ली से रोडवेज बस में सवार युवक की सफर के दौरान मौत हो गई। उसे बुंलदशहर जिले के डिबाई कस्बे में उतरना था, लेकिन वह पिछली सीट पर ही पड़ा रहा। परिचालक की नजर पड़ी तो उसने एंबुलेंस बुलाकर मृतक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचा दिया। मृतक की बुलंदशहर जिले के निवासी दीनदयाल के रूप में पहचान हुई है।
बुलंदशहर डिपो की रोडवेज बस संख्या- यूपी 14 ईटी रविवार दोपहर में दिल्ली के आनंद बिहार बस अड्डे से बदायूं के लिए चली। बस में करीब 55 यात्री थे। यात्रियों में से एक युवक को बुलंदशहर के डिबाई कस्बे में उतरना था, लेकिन वह रास्ते में तक नहीं उतरा तो रात में करीब नौ बजे परिचालक पंकज शर्मा की नजर पिछली सीट पर पड़े युवक पर गई। उसने युवक को हिलाकर उठाने की कोशिश की तो वह लुढक कर सीट के नीचे गिर पड़ा।
यह देख परिचालक ने बस थाने के पास रुकवा ली। कॉल करके एंबुलेंस को बुलाकर मृतक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दहगवां पहुंचाया। परिचालक ने बताया कि मृतक की जेब से मिले सेलफोन के एक नंबर पर कॉल करने पर उसके घरवालों को भी अवगत करा दिया गया है। मृतक बुलंदशहर जिले में अहमदनगर थाना क्षेत्र के गांव डौसा निवासी दीनदयाल (40) पुत्र प्रह्लाद सिंह है। दीनदयाल के शव पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।