उझानी (बदायूं)। वितरोई स्टेशन के पास चलती ट्रेन में युवक को ट्रेन से फेंके जाने के मामले में दूसरे दिन जीआरपी इंस्पेक्टर मनोज कुमार ने तहकीकात शुरू कर दी। आरोपी युवक हालांकि अभी तक पुलिस की पकड़ में नहीं आया है लेकिन उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जीआरपी इंस्पेक्टर ने घायल युवक और उसके साथ ट्रेन में सफर कर रही पत्नी के बयान भी दर्ज कर लिए। आरोपी बरेली जिले में फरीदपुर थाना क्षेत्र के गांव लौंगपुर का सुमित उर्फ लकी है।
बरेली जंक्शन से बरेली-कासगंज पैसेंजर में सवार कासगंज की सोरों कोतवाली क्षेत्र के गांव चेलारी निवासी सर्वेंद्र पुत्र लालसिंह को उसकी ससुराल के पड़ोसी गांव के युवक ने मामूली बात पर कहासुनी के बाद ट्रेन से फेंक दिया था। सर्वेंद्र के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोट आई थी। पति सर्वेंद्र के साथ ट्रेन में उसकी पत्नी कोमल भी सवार थी जो मायके से पति के साथ ससुराल के लिए निकली थी। जीआरपी इंस्पेक्टर मनोज कुमार घायल सर्वेंद्र और कोमल के बयान दर्ज करने के लिए अस्पताल पहुंचे तो दोनों ने आरोपी युवक का नाम और पता भी उन्हें बता दिया। बयान दर्ज कराते समय कोमल ने जीआरपी इंस्पेक्टर को यह भी बताया कि वह सुमित को जानती जरूर है लेकिन पहले कभी कोई झगड़ा नहीं हुआ था। इंस्पेक्टर ने बयान दर्ज करने के बाद तहीकाकत को आगे बढ़ाते हुए अपने अफसरों को भी अवगत करा दिया है। इस प्रकरण को जीआरपी के उच्चाधिकारियों ने भी गंभीरता से लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए भी जीआरपी ने कोशिश शुरू कर दी है।
...तो क्या सर्वेंद्र को जान से मारना चाहता था सुमित
उझानी। कासगंज निवासी सर्वेंद्र जिस समय बरेली से ट्रेन में सवार हुआ तो आरोपी युवक सुमित काफी दूर बैठा था। सर्वेंद्र और उसकी पत्नी एक ही सीट पर बैठे थे। बदायूं स्टेशन से कासगंज के लिए ट्रेन छूटी तो वह दंपती के करीब सीट पर आकर बैठ गया। यह बात कोमल ने जीआरपी को भी बताई है लेकिन कोमल से जब यह पूछा गया कि सर्वेंद्र से किस बात पर सुमित का झगड़ा हुआ तो इस पर कोमल ने जीआरपी इंसपेक्टर को कुछ नहीं बताया। इतना जरूर कहा कि वह उसके पति को मारना चाहता था।