बदायूं। जिला अस्पताल में मानसिक मंदित व्यक्ति के मददगार से रुपये लेने के मामले में रिश्वतखोर कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई तय है। इस संबंध में डीएम ने मामले की जांच कर सीधे कार्रवाई के आदेश दिए हैं। इससे अस्पताल कर्मचारियों में हड़कंप मचा हुआ है।
रिश्वतखोरी का यह मामला शनिवार को प्रकाश में आया था। नगर पालिका कर्मचारी सरवर अली एक मानसिक मंदित युवक विनोद को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे थे। विनोद गरीब, असहाय है। उसके हाथ में चोट लगने से फ्रैक्चर हो गया था। सरवर अली उसी के हाथ पर प्लास्टर कराने आए थे, लेकिन ओपीडी के प्लास्टर रूम में उनसे ढाई सौ रुपये ले लिए गए। उन्हें रसीद भी नहीं दी गई। इसकी उन्होंने सीधे डीएम से शिकायत की, जिससे डीएम दिनेश कुमार सिंह मौके पर पहुंच गए। उन्होंने प्रभारी सीएमएस डॉ. उदयवीर सिंह को खरीखरी सुनाते हुए इस मामले की जांच कराने और रुपये लेने वालों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए थे। हालांकि अभी किसी के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई है, लेकिन डीएम के निर्देश से कर्मचारियों में दहशत का माहौल जरूर हो गया है। प्रभारी सीएमएस डॉ. उदयवीर सिंह ने बताया कि रुपये लेने की सूचना सीएमएस को दे दी गई है। सोमवार को वह वापस लौटेंगे, तभी इस मामले की जांच शुरू होगी और कार्रवाई होगी।