घायल बाराती प्रकाश की दूसरे दिन भी हालत नाजुक
भदरौल रोड पर शुक्रवार रात सड़क हादसे का मामला
पोस्टमार्टम कराके पुलिस ने घरवालों को सौंपे दोनों शव
अमर उजाला ब्यूरो
उझानी (बदायूं)। भूड़ा भदरौल रोड पर शुक्रवार रात बारातियों की बोलेरो और बालू लदे ट्रैक्टर की आमने-सामने की भिड़ंत में बोलेरो चालक और बाराती की मौत के मामले में अगले दिन भी कोतवाली में तहरीर देने के लिए मृतकों के परिजन नहीं पहुंचे। हालांकि पुलिस ने दोनों के शव को पोस्टमार्टम कराके उनके घरवालों के हवाले कर दिया। इस बीच, घायलों में प्रकाश की हालत दूसरे दिन भी नाजुक बनी हुई है।
सड़क हादसे के बाद शनिवार सुबह में पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में ले लिया है। ट्रैक्टर का चालक हादसे के बाद ही मौके पर से फरार हो गया था। ट्रैक्टर चालक और उसका मालिक इलाके का ही निवासी बताया गया है। एसएसआई जितेंद्र सिंह ने बताया कि मृतकों के घरवालों की ओर से तहरीर देने के लिए अभी तक कोई नहीं आया है लेकिन तहरीर मिलते ही रिपोर्ट दर्ज कर ली जाएगी। शुक्रवार रात में करीब नौ बजे बारातियों से भरी बोलेरो और बालू लदे ट्रैक्टर की आमने-सामने की भिड़ंत में जरीफनगर थाना क्षेत्र के गांव पडरया निवासी बोलेरो चालक कन्हई लाल और दूल्हे के रिश्तेदार अमरोहा जिले में आदमपुर थाना क्षेत्र के गांव रैलई निवासी लालताप्रसाद की मौत हो गई थी। हादसे में सात बाराती भी घायल हुए।
बारात कादरचौक क्षेत्र के गांव रैसीनगला जा रही थी। हादसे के बाद रैसीनगला में शादी की रस्मों को आनन फानन में पूरा किया गया। पुलिस ने जिला मुख्यालय पर पहुंचकर पहले कन्हई और लालता प्रसाद के शव के पंचनामा की औपचारिकता पूरी की फिर उनका पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद दोनों शव उनके घरवालों के हवाले कर दिए गए हैं। इधर, घायलों में पांच बाराती अभी भी जिला अस्पताल में भर्ती हैं लेकिन गंभीर रूप से घायल रमेश की हालत नाजुक बनी हुई है।