कुंवरगांव। थाना क्षेत्र के गांव यूसुफनगर के एक व्यक्ति के एटीएम से 40 हजार से अधिक रुपये निकाल लिए गए। जब इसकी जानकारी उसे हुई तो खलबली मच गई। वह बैंक गया। बाद में उसने थाना पुलिस को तहरीर सौंपी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गांव यूसुफ नगर निवासी ग्रीश पाल ने बताया कि पंजाब नेशनल बैंक शाखा कुंवरगांव में उसका खाता है। 17 सितंबर को उसने बैंक से एटीएम कार्ड लिया था। बताया कि कार्ड लेते समय बैंक में ही उससे एक फार्म भरवाया गया। वह लिखना-पढ़ना नहीं जानता है सो बैंक में मौजूद एक व्यक्ति ने उसका फार्म भरा। ग्रीश पाल का कहना है कि उस व्यक्ति ने फार्म में अपना मोबाइल नंबर अंकित कर दिया।
ग्रीशपाल ने बताया कि आज वह चेक बुक जारी कराने के लिए बैंक पहुंचा। खाता दिखवाया तो उसमें मात्र 70 रुपये बताए गए। यह सुनकर वह चौंक गया। बैंक वालों को उसने बताया कि खाते में 40 हजार रुपये से ज्यादा थे। बैंक वालों ने ग्रीश पाल को बताया कि उनके एटीएम कार्ड से पांच बार में 40 हजार पांच सौ रुपये निकाले गए हैं। ग्रीश पाल ने बताया कि उसने थाने में तहरीर दी है। पुलिस का कहना है कि जिस मोबाइल नंबर को उसके फार्म में अंकित किया गया है, वह फिलहाल बंद है। जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटैज को भी देखा जाएगा।