दरोगा से मारपीट करने वाले युवक, उसकी पत्नी पर रिपोर्ट
रविवार को सराय पिपरिया गांव में हुई थी वारदात, छानबीन करने गए थे दरोगा
अमर उजाला ब्यूरो
मूसाझाग (बदायूं)। दरोगा से मारपीट करने और मोबाइल छीनने के आरोपी अजयपाल और उसकी पत्नी के खिलाफ मूसाझाग थाने में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। रिपोर्ट पीड़ित दरोगा ने खुद लिखवाई है। हालांकि अभी आरोपी पुलिस की गिरफ्त से दूर है।
मूसाझाग थाना क्षेत्र के ग्राम सराय पिपरिया निवासी दो भाइयों वीरपाल और अजयपाल के बीच 22 जून को विवाद हुआ था। वीरपाल की और से छोटे भाई अजयपाल के खिलाफ थाने में तहरीर दी गई थी। रविवार दोपहर एसआई शिवराज सिंह अपने साथ एक होमगार्ड को लेकर मामले की छानबीन करने आरोपी अजयपाल के घर गए। उस वक्त अजयपाल अपने घर में मौजूद था। इससे घर में घुसते ही दरोगा ने अजयपाल को पकड़ लिया, साथ ले जाने लगे। वह जाने के बजाय दरोगा से भिड़ गया और मारपीट कर दी। आरोप है कि दरोगा की वर्दी फाड़ दी। दरोगा ने कंट्रोल रूम फोन करने को अपनी जेब से मोबाइल निकाला। तभी अजयपाल ने दरोगा का मोबाइल छीन लिया और घर से बाहर भाग गया। हालांकि कुछ दूर जाकर उसने मोबाइल फेंक दिया, जिसे ग्रामीणों ने उठाकर दरोगा को लौटा दिया। इसकी सूचना मिलने पर थाने से अतिरिक्त पुलिस बल सराय पिपरिया गांव पहुंचा। उधर, आरोपी की पत्नी का आरोप है कि वह घर में नहा रही थी। तभी दरोगा अचानक घर में घुसते चले गए। उसकी सास के मना करने के बावजूद दरोगा नहीं माने। अजयपाल के विरोध करने पर दरोगा ने गाली गलौज शुरू कर दी। एसआई शिवराज सिंह की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर मूसाझाग थाने में आरोपी अजयपाल तथा उसकी पत्नी पूजा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। रिपोर्ट मारपीट, धमकी देने और सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में लिखी गई है। अब पुलिस को आरोपी की तलाश है।