उझानी (बदायूं)।
कोतवाली क्षेत्र एक गांव से 20 दिन पहले लापता किशोरी की बरामदगी के लिए कांग्रेस नेताओं के साथ कई ग्रामीण और उसके घरवाले कोतवाली गेट पर आ गए। उन्होंने पुलिस पर बरामदगी की दिशा में लापरवाही का आरोप लगाया। गुस्साए कार्यकर्ताओं ने पार्टी के प्रदेश महासचिव ओमकार सिंह की अगुवाई में कोतवाली गेट पर धरना देकर प्रदर्शन किया। बाद में प्रदर्शनकारियों से वार्ता को पहुंचे प्रभारी निरीक्षक ने मामला गुमशुदगी में दर्ज बताकर जल्द ही उसे बरामद कर लेने का भरोसा दिलाया। धरना करीब तीन घंटा तक चला।
धरना रविवार सुबह शुरू हुआ। किशोरी के घरवालों ने धरनास्थल पर सबसे पहले पूरा घटनाक्रम बयां किया। मां ने कहा कि पुलिस ने एक ही युवक के खिलाफ गुमशुदगी का मामला दर्ज किया है। जबकि पांच युवकों ने उसे बहला-फुसला कर अगवा किया। यह बात वह कोतवाली आकर दो बार पुलिस कर्मियों को भी बता चुकी हैं लेकिन उनके नाम शामिल नहीं किए गए। कांग्रेस के प्रदेश महासचिव ओमकार सिंह ने पुलिस की भूमिका पर सवाल उठाया। बोले- आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने ठोस कदम नहीं उठाया है। पुलिस चाहे तो आरोपियों को दबोच कर किशोरी को एक दिन में ही बरामद कर लिया जाएगा।
गुस्साए कांग्रेस कार्यकर्ताओं और किशोरी के घरवालों के साथ ग्रामीण महिलाओं ने पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन भी किया। करीब तीन घंटा तक चले धरना और प्रदर्शन के दौरान प्रभारी निरीक्षक संजय गोयल भी मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों से मिले। प्रदर्शनकारियों ने एसएसपी को संबोधित ज्ञापन उन्हें दिया। प्रभारी निरीक्षक ने प्रदर्शनकारियों को जल्द ही किशोरी का बरामद कर लिए जाने का भरोसा भी दिलाया है। धरना देने पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों में नगर अध्यक्ष अवधेश पाराशर, प्रशांत तोष्नीवाल, मुजाहिद रजा, वीरपाल यादव, सोमवीर, डॉ. खलील अहमद, गिरीशचंद्र मिश्रा, शमशाद अल्वी, रमेश, अहमद हुसैन, ओमप्रकाश, राजकुमारी, रामकली, प्रेमलता, सीमा, राहुल और राजेश कुमार आदि शामिल थे।
-------
वर्जन
जिस किशोरी के बारे में ग्रामीण और उसके घरवाले पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगा रहे हैं, वह पहले भी दो बार गायब हो चुकी है। उस वक्त किशोरी को उसके घरवालों के हवाले कर दिया गया था लेकिन एक बार फिर वह गायब है।- संजय गोयल, प्रभारी निरीक्षक।