उझानी (बदायूं)।
चोरों ने शनिवार रात गंजशहीदा मोहल्ले में डॉक्टर समेत तीन लोगों के घरों को निशाना बना लिया। डॉक्टर के घर से चोर बक्शा उठा ले गए। नकदी खंगाल कर बक्शा और कपड़े छत पर फेंक गए। दो अन्य घरों में ज्यादा सामान तो नहीं ले जा पाए लेकिन छतों पर उनके भी कपड़े पड़े मिले।
गंजशहीदा मोहल्ले में डॉ. अनवर कमाल के घर में शनिवार रात किसी समय चोरी हुई। सुबह परिवार वाले जागे तो उन्हें कमरे का दरवाजा खुला मिला। छत पर देखा तो खाली बक्शा और कपड़े पड़े थे। अनवर ने बताया कि बक्शे में करीब 45 हजार रुपये थे, जो नहीं मिले। इसके अलावा चोरों ने अनवर के पड़ोसी अजीज अहमद के घर को भी निशाना बनाया। बरामदे में खूंटी पर पेंट की जेब को खंगाल कर तीन सौ रुपया और सेलफोन ले गए। अजीज की पेंट भी छत पर ही मिली। इसके अलावा चोरों ने श्यामबाबू शाक्य के घर को से अटैची चुरा ली। उसी दौरान जाग होने पर श्यामबाबू समेत परिवार के लोगों ने शोर मचा दिया। शोरगुल पर चोर गलियारे की ओर भागे। चोरों ने पाजेब निकाल कर अटैची को गलियारे में ही फेंक दिया। इसे लेकर मोहल्ले में काफी देर तक शोर मचता रहा। इधर, अनवर कमाल की सूचना के बाद मौके पर पहुंचे दरोगा प्रमोद कुमार सिंह ने मौका मुआयना किया।