बिसौली (बदायूं)। नगर में मंगलवार देर रात एक व्यक्ति की जमीन पर ठोकर लगने से गिरकर मौत हो गई, जिससे उसके परिवार में कोहराम मच गया। वह सिलिंडर में आग लगने के बाद घबराकर दौड़ पड़ा था।
नगर के मोहल्ला धुविया ताल निवासी कल्लू प्रजापति (55) के घर में मंगलवार रात करीब साढ़े नौ बजे गैस सिलिंडर पर खाना बन रहा था। तभी अचानक गैस सिलिंडर में आग लग गई। कुछ सामान ने भी आग पकड़ ली। इससे परिवार में कोहराम मच गया। वहीं कल्लू प्रजापति आग देखकर घबरा गए। वह आग बुझाने के लिए दौड़े लेकिन ठोकर खाकर घर में ही गिर गए और उनकी कुछ ही देर में उनकी मौत हो गई। हालांकि बाद में एकत्र हुए लोगों ने किसी तरह आग पर काबू पा लिया लेकिन कल्लू की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। आग लगने से अधिक नुकसान नहीं बताया जा रहा है।