बदायूं। थाना सिविल लाइन क्षेत्र की एक मोबाइल शॉप का शटर काटकर हजारों रुपये के मोबाइल चोरी कर लिए गए। दुकानदार की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच की। सीसीटीवी में कैद हुए चोरों की चेहरे धुंधले निकलने पर पुलिस मुखबिरों की मदद ले रही है।
जालंधरी सराय के रहने वाले रिंकू मौर्य की थाना सिविल लाइन क्षेत्र स्थित पुरानी आरटीओ के पास मोबाइल शॉप है। गुरुवार की रात वह दुकान को बंद करने के बाद अपने घर पर आ गए। उसी रात चोरों ने उनकी दुकान के शटर को लोहे की राड से उखाड़ लिया और दुकान में रखे सैमसंग के चार, नोकिया के छह, एमटच के 15, एक कैमरा और तीन एंड्राइड मोबाइल चोरी कर ले गए। शुक्रवार को चोरी की सूचना दुकान मालिक ने पुलिस को दे दी। मौके पर पहुंची ने दुकान में लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगाली तो कैमरे में आईं तस्वीरों में चोरों के चेहरे धुंधले निकले। पुलिस ने हुलिया के आधार पर चोरों तक पहुंचने के लिए मुखबिरों को लगा दिया है।
-----
तीन घंटे रहे चोर दुकान के अंदर
सीसीटीवी से पता चलता है कि रात 12:30 पर चोर दुकान में दाखिल हुए और सुबह 3:50 तक दुकान के अंदर रहे। चोरों को लगा कि शायद पास में स्थित बैंक ऑफ बड़ोदा के पास डॉयल 100 पुलिस मौजूद है। इसी भ्रम में चोर तीन घंटे दुकान में दुबके रहे।