उझानी (बदायूं)। अंग्रेजी शराब के क्वाटर पर 10, हॉफ और बोतल पर 20 रुपया ओवररेट लेने की शिकायत करना बिल्सी क्षेत्र के गांव रिसौली निवासी युवक के लिए महंगा पड़ गया। शराब मैनेजर और उसके साथी ने उसे बदायूं जाते समय रास्ते में घेर लिया। उसकी जमकर पिटाई की। घायल युवक ने लूट का भी आरोप लगाया है।
शराब की दुकानों पर ओवररेट की शिकायत करने का मामला दो दिन पहले का है। बिल्सी थाना क्षेत्र के गांव रिसौली निवासी सौरभ पुत्र रामऔतार ने अंग्रेजी शराब के क्वाटर, हॉफ और बोतल पर ओवररेट लेने की आबकारी अफसरों से शिकायत की थी। आरोप है कि इसकी भनक लगने पर शराब ग्रुप के मैनेजर ने सौरभ को बदायूं जाते समय जिरौलिया के पास घेर लिया। बाइक सवार सौरभ की पिटाई कर दी। सौरभ ने मैनेजर और उसके साथियों को पहचान लिया। घायल सौरभ ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस को पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया। बताया कि मैनेजर और उसके साथियों ने जेब में रखे पांच हजार रुपये भी निकाल लिए। सूचना के बाद पुलिस कर्मी मौके पर भी पहुंचे लेकिन आरोपी मैनेजर समेत और साथी नहीं मिले। बता दें कि पिछले कुछ दिनों से ओवररेट लिया जा रहा है। इधर, कोतवाल विनोद कुमार चाहर ने बताया कि शराब को लेकर सौरभ से मारपीट की सूचना है लेकिन जांच में लूट का मामला नहीं निकला है।