बदायूं। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर भाई के साथ बाजार जा रही छात्रा से कार सवार चार युवकों ने छेड़छाड़ कर दी। इसका विरोध करने पर आरोपियों ने भाई के साथ मारपीट की। सूचना पर पहुंची पुलिस चारों युवकों को थाने ले गई, जहां देर शाम तक उनसे पूछताछ होती रही।
शहर की एक कॉलोनी निवासी छात्रा सोमवार दोपहर करीब दो बजे बाजार जाने को घर से निकली थी। स्कूटी उसका भाई चला रहा था, जबकि छात्रा पीछे बैठी हुई थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोनों भाई-बहन ओवरब्रिज से पहले संतोख सिंह तिराहे पर पहुंचे थे। उसी समय पुलिस लाइन चौराहे की ओर से कार सवार चार युवक आ रहे थे। उन्होंने तिराहे पर पहुंचते ही स्कूटी पर पीछे बैठी छात्रा से छेड़छाड़ कर दी। उनकी हरकत देखकर भाई को गुस्सा आ गया और उसने स्कूटी रोक ली। फिर आरोपियों को खरीखोटी सुना दी। इस पर चारों युवक कार से नीचे उतर आए और उन्होंने छात्रा के भाई से मारपीट कर दी। इससे तिराहे पर भीड़ एकत्र हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने तुरंत इसकी पुलिस को सूचना दे दी, जिस पर सिविल लाइंस चौकी इंचार्ज शैलेंद्र तोमर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने चारों युवकों को दबोच लिया। फिर उन्हें कार समेत थाने ले गए। दोनों भाई-बहन भी थाने पहुंच गए और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। चौकी इंचार्ज ने इस मामले को सिर्फ मारपीट का बताया है।