उझानी (बदायूं)। कोतवाली क्षेत्र के गांव सांवतीनगला के मोहरसिंह के घर में रविवार तड़के उस समय कोहराम मच गया जब बेटे के सेलफोन पर कासगंज के अमांपुर से विवाहित बेटी की मौत की खबर आई। रोते-बिलखते परिजन मौके पर पहुंचे तो उन्हें शव के पास ही तमंचा पड़ा मिला। गोली का निशान गर्दन के पास देख मृतका के परिजनों ने वहां हंगामा किया। उन्होंने पुलिस को भी मौके पर बुला लिया। पुलिस ने पति समेत पांच लोगों के खिलाफ दहेज हत्या की नामजद रिपोर्ट दर्ज की है।
पिंकी (24) की शादी करीब चार साल पहले कासगंज जिले के अमांपुर थाना क्षेत्र के गांव मझोला निवासी अनुराग यादव उर्फ जयकुमार से हुई थी। पिंकी के पिता ने बताया कि उसने शादी में अपनी क्षमता से अधिक दहेज दिया, लेकिन अनुराग बोलेरो की मांग करने लग गया। वह मांग पूरी नहीं कर पाया तो पिंकी को परेशान करना शुरू कर दिया गया। पिछले महीने भी पिंकी को पीटा गया। मोहरसिंह की मानें तो पिंकी की हत्या गोली मारकर की गई है। अमांपुर पुलिस ने मृतका के पिता की तहरीर के आधार पर पति अनुराग, जेठ अतुल, सास प्रमोदा, ससुर बृजपाल, जेठानी लक्ष्मी के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
मामा की गोद में फफक पड़ी तीन साल की बेटी
उझानी। मृतका पिंकी यादव की दो संतानों में बेटी तीन साल की है। 15 दिन पहले ही पिंकी ने बेटे को जन्म दिया था। उस समय घर में खुुुुशी का माहौल था। यह बात मायके वाले भी स्वीकार करते हैं। मायके वाले मझोला पहुंचे तो लाश के पास ही मृतका की बेटी खड़ी थी। मामा दीपक ने उसे गोद में उठा लिया। मामा समेत परिजन उससे कुछ पूछते, उससे पहले ही फफककर रोने लगी।