फोटो--12, 13, 14
रोडवेज स्टैंड पर यात्री-परिचालक भिड़े
गुस्साए चालक-परिचालकों ने किया प्रदर्शन, परिचालक ने मारपीट और लूटपाट के आरोप में दी तहरीर, पुलिस ने तीन यात्रियों को दबोचा, दो छोड़े
अमर उजाला ब्यूरो
बदायूं। रोडवेज बस स्टैंड पर कुछ यात्रियों और अलग-अलग बसों के दो परिचालकों से मारपीट हो गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का महौल हो गया। इस मारपीट में एक परिचालक के कपड़े फट गए। उसने लूटपाट का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। जबकि दूसरे परिचालक से हुई मारपीट के मामले में समझौता हो गया।
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के मीरा सराय निवासी आबिद रोडवेज में परिचालक हैं। बुधवार दोपहर करीब एक बजे वह चालक महावीर के साथ करीब 45 यात्रियों को लेकर दिल्ली रवाना हुए। जैसे ही उनकी बस स्टैंड से निकल कर तिराहे पर पहुंची कि उसी समय पीछे से आए दो स्कूटी सवार युवकों ने बस को रुकवाने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने जल्दबाजी बताते हुए बस नहीं रुकने दी। दोनों युवकों ने स्कूटी खड़ी कर दी और चलती बस में चढ़ गए। उसके बाद उन्होंने परिचालक के साथ मारपीट कर दी। खींचातानी में परिचालक आबिद के कपड़े फट गए। बस में सवार यात्रियों का विरोध देखकर दोनों युवक मौके से फरार हो गए। घटना के बाद गुस्साए चालक-परिचालक बस को कचहरी से ही वापस स्टैंड ले गए और उन्होंने बस में सवार आरोपी युवकों के परिजनों को रोडवेज चौकी पुलिस के हवाले कर दिया। इधर, चौकी पुलिस दोनों पक्षों से घटना के संबंध में जानकारी ले रही थी कि तभी रोडवेज बस स्टैंड के पश्चिमी गेट पर दो युवकों ने एक परिचालक के साथ मारपीट कर दी। शोर शराबा सुनकर पुलिस ने पकड़े गए यात्रियों को चौकी में ही बंद कर दिया और मारपीट कर रहे युवकों को पकड़ने के लिए पश्चिमी गेट की ओर दौड़ पड़ी। पुलिस ने बमुश्किल दोनों पक्षों को अलग किया। पुलिस ने मारपीट करने वाले दोनों युवकों को पकड़ लिया और थाना पुलिस को सूचना दे दी।
इधर, दो परिचालकों से हुई मारपीट की खबर सुनकर चालक-परिचालकों में रोष फैल गया। कुछ ही देर में सभी एकत्र होकर चौकी पहुंच गए। उन्होंने पुलिस कर्मियों से आरोपी यात्रियों को उनके हवाले करने को कहा। चालक-परिचालकों ने प्रदर्शन शुरू कर दिया। कुछ देर बाद पहुंची थाना पुलिस ने महिला यात्रियों को वहीं छोड़ दिया। दोनों मामलों के आरोप में तीन युवकों को पकड़ कर थाने ले गई, जहां दूसरे परिचालक विपिन और दोनों युवकों से फैसला हो गया। जबकि परिचालक आबिद ने मारपीट और लूटपाट का आरोप लगाते हुए आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है।
------------------
रोडवेज बस स्टैंड पर दो परिचालकों से मारपीट हुई है। इनमें एक परिचालक ने मारपीट करने वालों से फैसला कर लिया है। जबकि दूसरे परिचालक आबिद ने तहरीर दी है। अभी मामले की जांच कराई जा रही है।
- देवेश सिंह, इंस्पेक्टर सिविल लाइंस