उझानी (बदायूं)। कोतवाली क्षेत्र के गांव धमेई में बुजुर्ग महावीर सिंह की हत्या कर शव नलकूप के कुंड में फेंक दिए जाने के मामले में दूसरे दिन भी रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई है। पुलिस के तर्क पर गौर करें तो डॉक्टरों के पैनल ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इस बात का खुलासा तो कर दिया है कि मौत की वजह गले की हड्डी टूटने के साथ दम घुटना रहा लेकिन विसरा प्रिजर्व कर लिए जाने से संदेह बढ़ गया है। पुलिस इंसपेक्टर ने रिपोर्ट के आधार पर बुधवार को विशेषज्ञों की राय जानने की बात कही है। पुलिस अब, मृतक के बेटे की ओर से तहरीर का भी इंतजार कर रही है।
सोमवार शाम से गायब बुजुर्ग महावीर सिंह का शव गांव के पास ही अगले दिन मंगलवार सुबह गांव के ही कृपाल के निजि नलकूप के कुंड में पड़ा मिला था। मृतक के बेटे जितेंद्र की सूचना के बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम भी कराया था। दो सदस्यीय डॉक्टरों के पैनल ने पोस्टमार्टम कर विसरा प्रिजर्व कर लिया और गला दबाकर हत्या किए जाने की रिपोर्ट पुलिस को सौंप दी। मृतक के गले की हड्डी टूटे होने की बात भी रिपोर्ट में सामने आई है। इसके आधार पर पुलिस को आगे की कार्रवाई करनी चाहिए लेकिन दूसरे दिन भी रिपोर्ट दर्ज नहीं होने से पसोपेश का माहौल बना रहा। इंसपेक्टर राजीव कुमार शर्मा की मानें तो पोस्टमार्टम रिपोर्ट में कुछ बातें विरोधाभासी हैं।
रिपोर्ट के आधार पर विशेषज्ञों की राय जानने की भी कोशिश की जा रही है। फिर भी मृतक के बेटे ने सूचना देते समय जो तहरीर सौंपी उसमें दो लोगों पर घर से बुलाकर ले जाने की बात तो कही गई लेकिन हत्या उन्होंने की या नहीं, इसका जिक्र नहीं किया गया था। ऐसे में अज्ञात के खिलाफ भी रिपोर्ट दर्ज नहीं की जा सकती। इधर, सूत्रों की मानें तो जो दो लोग बुजुर्ग महावीर को बुलाकर ले गए थे, उनकी रंजिश भी रही है। विशेषज्ञों की राय और मृतक पक्ष से तहरीर मिलने के बाद जो भी स्थिति सामने आए, उसी आधार पर पुलिस कार्रवाई करने का मन बनाए हुए है।
----------------
बृहस्पतिवार सुबह जितेंद्र सौंपेगा तहरीर
उझानी। बुजुर्ग पिता महावीर सिंह की हत्या की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद जितेंद्र ने बताया कि सूचना वाले दिन उसे जितना पता था, वह पुलिस को लिखकर दे चुका है। आगे की कार्रवाई पुलिस को करनी चाहिए। वह रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए बृहस्पतिवार को कोतवाली पहुंचेगा। उसी समय पुलिस को तहरीर देकर केस की हकीकत बयां कर दी जाएगी।