उझानी (बदायूं)। पिछले दिनों एक मोहल्ले से लापता लड़की का मामला शुक्रवार को फिर कोतवाली पहुंच गया। युवती के मां-बाप ने पुलिस को ऑडियो क्लिप भी सुनाई, जिसमें युवती और उसे बहला-फुसलाकर अगवा कर ले जाने वाले युवक की बातचीत कैद है। पुलिस ने हालांकि अब तक गुमशुदगी दर्ज नहीं की लेकिन आरोपी को लेकर पीड़ित का पिता बोला, उसके बेटी पड़ोसी युवक के चंगुल में है। बस, उसे बरामद करा दीजिए।
लापता लड़की का पिता आरोपी के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए आठ दिन पहले कोतवाली में तहरीर भी सौंप चुके हैं। पिता की माने तो उसकी विवाहित बेटी का पति से कोर्ट में केस चल रहा है। इसी को लेकर दो-तीन महीने से पड़ोस का ही विवाहित युवक उसे बार-बार कॉल कर गुमराह करता रहा। 27 सितंबर को युवक उसकी बेटी को बहला-फुसलाकर अगवा कर ले गया। यह बात भी अगले दिन युवती के पिता ने पुलिस को बता दी। पांच दिन पहले पुलिस ने आरोपी को हिरासत में भी लिया लेकिन बाद में उसे हिरासत मुक्त कर दिया गया। बाद में इसे लेकर दोनों पक्ष के लोगों में कहासुनी भी हो गई। आरोप है कि पुलिस ने युवती को बरामद करने की बजाय मामला आपसी झगड़े का बताकर दोनों पक्ष के एक-एक व्यक्ति को शांति भंग करने में दबोच लिया। इधर, पुलिस सूत्रों की माने तो लापता युवती की लोकेशन भी ट्रेस हो गई थी लेकिन दबिश के दौरान वह मौके पर नहीं मिली।
-----------------
परिवार वालों को हड़काने का आरोप
उझानी। गायब विवाहिता के पिता ने बताया कि वह अपनी पत्नी और बेटे के साथ पुलिस से शिकायत करने पहुंचा तो पुलिस ने उसके बेटे का कोतवाली में बैठा लिया। कारण पूछा तो पुलिस कर्मी ने उन्हें हड़काना शुरू कर दिया। उसने पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठाया है। इधर, दरोगा संजय कुमार शर्मा का कहना है कि मामला पिछले दिनों संज्ञान में आया था। हल्का एसआई प्रमोद कुमार का है। दोनों पक्ष का सुना गया है।