नवादा चौकी के पास हंगामा करते हिन्दूवादी संगठनों के पदाधिकारी। संवाद
सिलहरी। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र बीआरबी स्कूल के पीछे गोवंशों के अवशेष मिलने से सनसनी फैल गई। तस्कर 24 से अधिक प्रतिबंधित पशुओं का वध करके मांस अपने साथ ले गए। स्थानीय लोगों ने बुधवार शाम को गोवंशों के अवशेष पड़े देखे। उन्होंने हिंदूवादी संगठनों के पदाधिकारियों को इसकी जानकारी दी। अवशेषों के साथ पेड़ों से बंधी रस्सियों के टुकड़े भी मिले हैं जिससे आशंका है कि तस्करों ने यहीं पशुओं का वध किया है।
हिंदू जागरण मंच के जिलाध्यक्ष मुकेश वर्मा और नितिन कमठाना, पीएफए अध्यक्ष विकेंद्र शर्मा सहित कई लोग घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों को घटना की सूचना दी। इसके बाद सिविल लाइंस थाना पुलिस हरकत में आई और एसएचओ मनोज सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। अवशेषों की स्थिति देखकर आशंका है कि यह घटना एक से दो दिन पुरानी है। इससे पता चलता है कि जब लोग दिवाली का पर्व मना रहे थे। उसी दौरान यहां वध किया गया। यह वारदात ऐसे स्थान पर हुई है जहां पास में ही फोरलेन है और पुलिस नियमित गश्त का दावा करती है। इससे पुलिस के दावों पर सवाल उठ रहे हैं। पदाधिकारियों ने कठोर कार्रवाई की मांग करते हुए इसमें लिप्त पुलिस कर्मियों की जांच के बाद कार्रवाई की मांग की और हंगामा भी किया।
अवशेष लेकर हाइवे पर बैठे हिंदू संगठन के पदाधिकारी
पुलिस की लेटलतीफी और टालमटोल से नाराज हुए हिंदूवादी संगठनों के पदाधिकारी अवशेष लेकर हाईवे पर नवादा चौकी के पास बैठ गए। उन्होंने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। पुलिस ने कठोर कार्रवाई का आश्वासन देकर उनको शांत किया। करीब आधा घंटे तक हाईवे पर लोग एकत्र रहे। एसएसपी डॉ. बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में आने के बाद थाना पुलिस को मौके पर भेजा गया। जो भी दोषी होंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी ।
नवादा चौकी के पास हंगामा करते हिन्दूवादी संगठनों के पदाधिकारी। संवाद