बदायूं। पुलिस के सामने दो पक्षों में मंगलवार देर रात जमकर मारपीट हो गई। सूचना पर भाजपा मंडल अध्यक्ष बचाव में पहुंचे जहां आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट कर दी। मामले की शिकायत एसएसपी डॉ. बृजेश कुमार से की गई। इसके बाद उन्होंने मामले की जांच कराके चौकी प्रभारी समेत तीन लोगों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के संतोष सिंह तिराहे के पास मंगलवार रात को नेकपुर के रहने वाले आदित्य यादव और उसके साथी मयंक सक्सेना के साथ गालीगलौज और मारपीट की गई। इसमें बीच-बचाव करने आए भाजपा मंडल अध्यक्ष गोपाल शर्मा के साथ भी मारपीट हुई। इसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल गोपाल शर्मा को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। मयंक सक्सेना की तहरीर पर पुलिस ने संगीन धाराओं में आदित्य यादव, हर्षित, ऋषभ समेत पांच-छह अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस ने हर्षित गुप्ता उर्फ मटरू, ऋषभ यादव, आदित्य यादव, आयुष दीक्षित को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश में किया जहां से उनको जेल भेजा है। एसएसपी ने बताया कि मारपीट का मामला संज्ञान में आने के बाद गोपनीय जांच कराई।
जांच में चौकी प्रभारी भूपेंद्र सिंह, कांस्टेबल सोवेंद्र बैसला और अंकुर कुमार की लापरवाही सामने आई है। तीनों काे निलंबित कर दिया है। इस मामले की जांच सीओ उझानी डॉ. देवेंद्र कुमार को सौंपी गई है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।