दातागंज (बदायूं)। कोतवाली क्षेत्र में एक मासूम को डेढ़ लाख में बेच दिया गया। उसे बेचने वाला और कोई नहीं बल्कि उसका सौतेला नाना है। हालांकि पुलिस से शिकायत पर बालक वापस मिल गया है लेकिन इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
यह मामला कोतवाली क्षेत्र के एक गांव का है। यहां रहने वाले एक व्यक्ति ने दो शादियां कीं। वह पहली पत्नी की मौत के बाद जब दूसरी शादी करके लाया, तब उसके साथ एक बेटी भी आई। उसके जवान होने पर उक्त व्यक्ति ने उसका विवाह बिल्सी थाना क्षेत्र के एक गांव में कर दिया। उसका अब एक साल का बेटा भी है। बताते हैं कि उस लड़की का अपनी ससुराल में विवाद हो गया। इस पर वह बेटे को लेकर सौतेले पिता के पास आ गई। आरोप है कि यहां सौतेले पिता ने उसके बेटे को बरेली के एक व्यक्ति को डेढ़ लाख में बेच दिया, साथ ही उसकी शादी भी दूसरी जगह कर दी।
दो दिन पहले लड़की के पहले पति ने आकर दातागंज कोतवाली क्षेत्र की एक चौकी में तहरीर दी। जब पुलिस ने आरोपी व्यक्ति को बुलाकर पूछताछ की तो उसने बताया कि मासूम को उसने गोद लिया है। पुलिस के दबाव बनाने पर आरोपी मासूम को बरेली से ले आया और पहले पति के हवाले कर दिया। सूचना पर बेटी भी आ गई। अब वह अपने पहले पति के साथ उसके घर चली गई है। इस संबंध में थाना पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की है। इंस्पेक्टर सौरभ सिंह ने बताया कि मामला संदिग्ध है। व्यक्ति ने बच्चे को एक दंपती को गोद दे दिया था। उसने इसकी कागजी कार्रवाई भी कराई थी अब बच्चा वापस मिल गया है, कई पक्ष कार्रवाई नहीं चाहता।