मूसाझाग (बदायूं)। थाना क्षेत्र के कथरा खगेई गांव में रविवार शाम 40 वर्षीय रामऔतार की सांड़ के हमले में जान चली गई। रामऔतार शाम के समय घर से निकलकर गांव के चौराहे पर ही पहुंचा था कि सांड़ ने उस पर हमला कर दिया। परिवार वालों की सूचना पर पुलिस ने उसके शव का पोस्टमार्टम करा दिया है।
ग्राम कथरा खगेई निवासी रामऔतार (40) पुत्र त्रिवेनी सिंह खेतीबाड़ी करके अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहा था। परिवार वालों के मुताबिक वह शाम के समय अहोरामई गांव जा रहा था। वह गांव के चौराहे पर ही पहुंचा था कि तभी पीछे से आए सांड़ ने उस पर हमला बोल दिया। उसको सींगों पर उठाकर पटक दिया। उसकी चीख-पुकार सुनकर तमाम लोग आ गए। उन्होंने लाठी-डंडे लेकर बमुश्किल सांड़ को वहां से भगाया। शोर शराबा सुनकर मौके पर तमाम लोग इकट्ठे हो गए। उसके परिवार वाले भी पहुंच गए। वह रामऔतार को तुरंत जिला अस्पताल ले गए जहां से उसे बरेली रेफर कर दिया गया। रात करीब 10 बजे उसकी बरेली ले जाते वक्त मौत हो गई। सोमवार दोपहर पुलिस ने उसके शव का पोस्टमार्टम करा दिया। युवक के चार छोटे-छोटे बच्चे हैं।
-
हाल ही में हुईं घटनाएं
24 मार्च- उझानी में सड़क पर जा रहे एक चिकित्सक महेश चंद्र गुप्ता पर सांड़ ने हमला कर दिया, जिसमें उनकी मौत हो गई।
20 अप्रैल- मूसाझाग थाना क्षेत्र के गांव सराय पिपरिया निवासी 40 वर्षीय विष्णु सागर पर सांड़ ने हमला कर दिया था, जिसमें तीन दिन बाद उनकी मौत हो गई।
11 जून- बिल्सी क्षेत्र के गांव शहवाजपुर में मंदिर की सफाई कर रहे राकेश (23) पुत्र रघुवीर को सांड़ ने पटककर मार डाला।
13 जून- कुंवरगाव में घूम रहे एक सांड़ ने पेट्रोल पंप के कर्मचारी गांव गंज निवासी शिवकुमार उर्फ कौशल को पटककर मार डाला।