बदायूं। शहर में महिला होमगार्ड पर ज्वलनशील पदार्थ के हमले के मामले में नामजद सिपाही जांच में निर्दोष निकला है। दरअसल, जिस वक्त महिला होमगार्ड ने खुद पर हमला बताया था, उस समय सिपाही उझानी कोतवाली में ड्यूटी पर था। उसका एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। इससे आरोपी सिपाही को विभागीय जांच में क्लीनचिट दे दी गई है।
यह मामला 11 अगस्त 2021 का है। उस दिन महिला होमगार्ड ने सिविल लाइंस थाने में उझानी कोतवाली में तैनात सिपाही कुमित समेत एक अज्ञात युवक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी। महिला होमगार्ड का आरोप था कि वह रात आठ बजे जेल से ड्यूटी करके लौट रही थी, तभी राजकीय इंटर कॉलेज के नजदीक रास्ते में आरोपित सिपाही कुमित ने उसे रोक लिया और उस पर ज्वलनशील पदार्थ से हमला कर दिया। इससे उसके शरीर का कुछ हिस्सा झुलस गया था। उसने शोर मचाने की कोशिश की तो सिपाही अपने साथी के साथ भाग गया। उसकी सूचना पर सिविल लाइंस पुलिस ने उसका मेडिकल परीक्षण कराया। फिर मामला दर्जकर इसकी विवेचना शुरू कर दी थी।
इसके अलावा एसएसपी ने मामले की विभागीय जांच एसपी सिटी प्रवीन सिंह चौहान को सौंपी थी। उनकी जांच के दौरान पता चला कि सिपाही हमले के दौरान उझानी कोतवाली में ड्यूटी पर था। सीसीटीवी फुटेज में भी वह दिखा है। इसके अलावा तमाम पुलिस कर्मियों ने बयान दिए कि सिपाही ड्यूटी पर मौजूद था। इससे विभागीय जांच में उसे दोषमुक्त कर दिया गया। हालांकि सिपाही गैर जनपद ट्रांसफर हो चुका है लेकिन उसके खिलाफ दर्ज मामले में उसे विभागीय जांच रिपोर्ट से बहुत बड़ी राहत मिल सकती है।
-----------
महिला होमगार्ड ने सिविल लाइंस थाने में सिपाही के खिलाफ ज्वलनशील पदार्थ का हमला करने के आरोप में एफआईआर दर्ज कराई थी। इसमें सिपाही पर लगे आरोप साबित नहीं हुए हैं। इससे उसे क्लीनचिट दी गई है।
- प्रवीन सिंह चौहान, एसपी सिटी