उघैती (बदायूं)। थाना क्षेत्र में एक नौ वर्षीय बालिका से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पिता की तहरीर पर मुजरिया थाने में तैनात होमगार्ड के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। बालिका को मेडिकल परीक्षण के लिए महिला अस्पताल भेजा गया है।
बालिका के पिता के मुताबिक वह चाउमीन का ठेला लगाता है। शुक्रवार को वह चाउमीन बेचने गया था। दोपहर में उसकी नौ वर्षीय बेटी घर के बाहर खेल रही थी। आरोप है कि तभी होमगार्ड किशनवीर बालिका को बहला-फुसलाकर ले गया। उसके साथ मकान की छत पर ले जाकर दुष्कर्म किया। उसके बाद वह भाग गया। बेटी रोती हुई घर आई। परिवार वालों के पूछने पर बालिका ने आपबीती सुनाई। वह तुरंत उसे लेकर थाने पहुंचे। पिता ने बताया कि आरोपी होमगार्ड रामनगर गांव का रहने वाला है। उसने आरोपी होमगार्ड के खिलाफ तहरीर दी, जिस पर रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने तुरंत टीम भेजकर कस्बे के बाहर से होमगार्ड को दबोच लिया। इंस्पेक्टर राजीव कुमार तोमर ने बताया तहरीर पर रिपोर्ट लिख ली गई है। अगली कार्रवाई मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर होगी।